लियोनेल मेसी इस समय भारत दौरे पर हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने कोलकाता से की है। मेसी के आगमन को लेकर रात से ही कोलकाता एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ जुटी रही, जहां लोग अपने स्टार खिलाड़ी की एक झलक पाने को बेताब दिखे।
Lionel Messi India Visit: फुटबॉल जगत के सबसे बड़े सितारों में से एक लियोनेल मेसी के भारत दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन कोलकाता के सॉल्ट लेक (युवभारती) स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह उत्साह भारी नाराजगी में बदल गया। हजारों रुपये खर्च कर टिकट खरीदने वाले फैंस को जब अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक तक नहीं मिली, तो स्टेडियम में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुर्सियां तोड़ी गईं, बोतलें फेंकी गईं और पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा।
स्टेडियम में क्यों भड़के फैंस?
लियोनेल मेसी के भारत आगमन की शुरुआत कोलकाता से हुई। जैसे ही उनके आने की खबर फैली, कोलकाता एयरपोर्ट पर देर रात से ही भारी भीड़ जमा हो गई थी। फैंस अपने सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए। यही उत्साह सॉल्ट लेक स्टेडियम में भी देखने को मिला, जहां हजारों दर्शक टिकट लेकर पहुंचे थे।
कार्यक्रम के दौरान मेसी कुछ समय के लिए स्टेडियम पहुंचे, लेकिन दर्शकों का आरोप है कि वह सिर्फ करीब 10 मिनट ही मैदान पर रहे। फैंस का कहना है कि मेसी को वीवीआईपी लोगों और नेताओं ने चारों ओर से घेर रखा था, जिससे आम दर्शक उन्हें देख तक नहीं सके। न तो उन्होंने मैदान पर फुटबॉल खेली और न ही किसी तरह का प्रदर्शन किया।
एक नाराज फैन ने समाचार एजेंसी से कहा, यह इवेंट पूरी तरह बकवास था। हमने हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन मेसी की एक झलक तक नहीं मिली। कहा गया था कि वह मैदान पर कुछ करेंगे, पेनल्टी लेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमारी भावनाएं और पैसा दोनों बर्बाद हो गए।

कुर्सियां टूटीं, बोतलें फेंकी गईं
मेसी के स्टेडियम से निकलते ही गुस्साए फैंस ने पानी की बोतलें और गैलरी की कुर्सियां तोड़कर मैदान में फेंकनी शुरू कर दीं। हालात बेकाबू होते देख कुछ दर्शक बाड़ के गेट तोड़कर मैदान में घुस गए। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल होने की खबर है। हालांकि, भारी भीड़ के सामने पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी असहज नजर आए।
बढ़ते हंगामे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से लियोनेल मेसी को तय समय से पहले ही स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। कार्यक्रम में शामिल होने वाली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सुरक्षा हालात को देखते हुए बीच रास्ते से ही लौट गईं। दर्शकों का आरोप है कि जब मेसी स्टेडियम की परिक्रमा कर रहे थे, तब लगभग 100 लोग उन्हें घेरे हुए थे, जिससे आम फैंस उन्हें देख नहीं पाए। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वीवीआईपी और आयोजकों से जुड़े लोग मेसी के साथ सेल्फी लेने में व्यस्त थे, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
इस कार्यक्रम के टिकट बेहद महंगे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टिकटों की कीमत 5,000 रुपये से लेकर 45,000 रुपये तक थी। कई फैंस ने 10-12 हजार रुपये खर्च किए, जबकि कुछ ने 45 हजार रुपये तक का टिकट खरीदा। इतनी बड़ी रकम चुकाने के बाद भी जब मेसी की झलक नहीं मिली, तो फैंस का गुस्सा फूट पड़ना स्वाभाविक माना जा रहा है।











