फराह खान और रितेश देशमुख के होस्ट किए जा रहे नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में इन दिनों जमकर ड्रामा देखने को मिल रहा है। शो के दूसरे हफ्ते का सफर कई विवादों, बहस और भावनात्मक पलों के साथ खत्म हुआ है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ का दूसरा हफ्ता जबरदस्त विवादों और हाई-वोल्टेज ड्रामे से भरा रहा। शो में लगातार बढ़ती बहस और कंटेस्टेंट्स के बीच टकराव ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। अब आने वाले एपिसोड में शो की होस्ट फराह खान कुछ कंटेस्टेंट्स के व्यवहार को लेकर नाराज नजर आने वाली हैं। उन्होंने खास तौर पर आकांक्षा चौधरी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी और उन्हें घर की सबसे “बदतमीज” कंटेस्टेंट बताया।
फराह खान और रितेश देशमुख इस सीजन को होस्ट कर रहे हैं। शो में इस समय 15 में से 14 कंटेस्टेंट बचे हैं और दूसरे सप्ताह के दौरान कई ऐसे विवाद देखने को मिले, जिन पर अब जजमेंट डे में चर्चा होने वाली है।
योगेश रावत और शिल्पा शिंदे के बीच हुआ विवाद
दूसरे सप्ताह में सबसे ज्यादा चर्चा योगेश रावत और शिल्पा शिंदे के बीच हुए विवाद की रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, योगेश ने शिल्पा शिंदे के लिए मंगाई गई प्रीमियम थाली को दो बार उनसे ले लिया। इस घटना से शिल्पा काफी परेशान हुईं और भावुक हो गईं। उन्हें मजबूरी में सामान्य वेज थाली से खाना पड़ा। घर के माहौल में तनाव बढ़ गया और कुछ कंटेस्टेंट्स ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। योगेश के इस कदम को लेकर राम कपूर और हर्षद चोपड़ा ने उनका समर्थन किया, जिसके बाद घर के अंदर गुटबाजी और बहस और तेज हो गई।
आकांक्षा चौधरी पर लगे गंभीर आरोप
![]()
शो में आकांक्षा चौधरी का व्यवहार भी चर्चा का विषय बना। आरोप है कि उन्होंने श्रेया कालरा के साथ तीखी बहस के दौरान आपत्तिजनक व्यवहार किया। विवाद के दौरान उन्होंने श्रेया पर थूकने की कोशिश की, उन्हें मारने की धमकी दी और बेडशीट पर पानी डाल दिया। इसके अलावा आकांक्षा और माधुरी जैन के बीच भी बहस देखने को मिली।
उन्होंने माधुरी के बिस्तर पर पानी डाल दिया, जिसके बाद उनके करीबी दोस्त योगेश रावत ने माधुरी से माफी मांगी और उन्हें अपना गद्दा देने की पेशकश की।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान श्रेया कालरा ने ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी और खुद को शांत रखने की कोशिश की।
शिल्पा शिंदे पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद
आकांक्षा चौधरी ने शिल्पा शिंदे के पुराने रियलिटी शो सफर पर भी टिप्पणी की, जिसके बाद माहौल और गर्म हो गया। उन्होंने शिल्पा के ‘बिग बॉस 11’ जीतने को लेकर तंज कसा। जब आकांक्षा शिल्पा पर लगातार बोल रही थीं, तब शिवांगी जोशी और हर्षद चोपड़ा समेत कुछ कंटेस्टेंट्स ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। उन्होंने आकांक्षा को याद दिलाया कि शिल्पा इंडस्ट्री की वरिष्ठ कलाकार हैं और उनके अनुभव का सम्मान किया जाना चाहिए।
हालांकि, आकांक्षा ने इस बात पर भी नाराजगी जाहिर की और सीनियरिटी को लेकर अपनी अलग राय रखी। वीकेंड एपिसोड के प्रोमो में फराह खान कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर नाराज दिखाई देंगी। उन्होंने योगेश रावत से सवाल किया कि जब घर में खाने की कमी थी, तब किसी दूसरे कंटेस्टेंट की प्रीमियम थाली लेना कहां तक सही था।
फराह ने राम कपूर और हर्षद चोपड़ा से भी सवाल किया कि उन्होंने योगेश का समर्थन क्यों किया। इसके बाद फराह ने आकांक्षा चौधरी को लेकर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह श्रेया कालरा सबसे ज्यादा परेशान करने वाली कंटेस्टेंट नहीं थीं, बल्कि आकांक्षा चौधरी का व्यवहार सबसे ज्यादा आपत्तिजनक रहा।











