महराजगंज - नववर्ष 2026 के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी 24 घंटे जारी रहेगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की सादे कपड़ों में तैनाती की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन, मोबाइल बैरियर और पार्किंग प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध आतिशबाजी, तेज डीजे और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से नववर्ष का स्वागत करें।












