मैहर जिले में स्कूलों के निर्माण कार्यों में 4.37 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा हुआ है। तीन निजी फर्मों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए गए हैं। उनके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
Madhya Pradesh: मैहर जिले के रामनगर अनुभाग क्षेत्र में शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कराए गए लघु निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। कलेक्टर मैहर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि इन निर्माण कार्यों के नाम पर शासकीय राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया।
जांच पूरी होने के बाद यह पुष्टि हुई है कि करीब 4 करोड़ 37 लाख 89 हजार 420 रुपये की सरकारी राशि का गबन किया गया है। यह राशि फर्जी बिलों और गलत भुगतान के जरिए निकाली गई, जिससे शासन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
तीन निजी फर्मों पर एफआईआर के आदेश
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक मैहर को पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। यह पत्र 4 फरवरी 2026 को भेजा गया, जिसमें तीन निजी फर्मों को इस घोटाले का मुख्य आरोपी बताया गया है।
इन फर्मों पर आरोप है कि उन्होंने शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर फर्जी भुगतान कराया और सरकारी राशि का दुरुपयोग किया। जिन फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, उनमें श्री महाकाल ट्रेडर्स, रुद्र इंटरप्राइजेज और वाणी इंफ्रास्ट्रक्चर मटेरियल सप्लायर शामिल हैं।
बैंक खातों पर रोक
प्रशासन ने घोटाले में शामिल फर्मों के बैंक खातों से राशि निकालने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अनुविभागीय दंडाधिकारी रामनगर ने संबंधित बैंकों को निर्देश दिए हैं कि आरोपित फर्मों के खातों को तत्काल प्रभाव से होल्ड किया जाए।
लीड बैंक मैनेजर के समन्वय से पंजाब नेशनल बैंक (सतना), एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक (भोपाल) में संचालित खातों को फ्रीज कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि 5 फरवरी 2026 के बाद किसी भी खाते से राशि निकाली गई, तो संबंधित बैंक अधिकारियों को भी आरोपी माना जाएगा और उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी।
शिक्षा विभाग के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई
इस घोटाले का असर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी पड़ा है। अब तक इस मामले में 9 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है, जिनमें प्राचार्य, बीईओ और लिपिक शामिल हैं। गुरुवार को तीन और स्कूल प्राचार्यों को निलंबित किया गया, जबकि इससे पहले भी तीन प्राचार्य सस्पेंड किए जा चुके हैं।
इसके अलावा 7 अन्य प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और आने वाले दिनों में और लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है। शिक्षा विभाग में हुए इस घोटाले ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है।











