देश के मौसम में बुधवार को अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अलविदा कह रही सर्दी के बीच मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। इस बदलाव के बाद तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है।
नई दिल्ली: मौसम नया करवट ले रहा है और बुधवार को अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अलविदा कह रही सर्दी के दौरान मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। ठंड के बीच होने वाली बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भी छिटपुट हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने के आसार हैं। इस सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4°C अधिक रहने की संभावना है, जबकि 18 फरवरी को अस्थायी रूप से मौसम में राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव
IMD ने बताया कि 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने चेताया है कि इन दिनों तेज हवाओं की गति 30-40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने के साथ मौसम सामान्य से हल्का गर्म अनुभव होगा।

दिल्ली में मौसम
राजधानी दिल्ली में फरवरी के मध्य में असामान्य रूप से गर्मी देखी जा रही है। कम हवा और साफ आसमान के कारण दोपहर में तेज धूप पड़ रही है। हालांकि, आने वाले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। 18 फरवरी को दिल्ली में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो सकती है, जिससे सर्दी का असर कम होगा।
राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और उदयपुर संभाग में 18 फरवरी को दोपहर के बाद हल्की बारिश होने की संभावना है। 18 फरवरी को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 18 फरवरी को बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी को छिटपुट वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है।
हरियाणा, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और अन्य मैदानी इलाके में मौसम
हरियाणा में18 फरवरी को गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी है। पंजाब और पूर्वी राजस्थान में भी 18 फरवरी को छिटपुट ओलावृष्टि होने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में अगले तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे अगले चार दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद धीरे-धीरे वृद्धि होगी। ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में 19 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है।









