Chandigarh Mayor Election 2026 के तहत आज चंडीगढ़ शहर को नया मेयर मिलने जा रहा है। मतदान प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक नतीजे घोषित होने की संभावना है।
चंडीगढ़: शहर को आज दोपहर 12 बजे तक नया मेयर मिल जाएगा। भाजपा से सौरभ जोशी, आम आदमी पार्टी से योगेश ढींगरा और कांग्रेस से गुरप्रीत सिंह गाबी मेयर पद की दौड़ में हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी के कई पार्षदों की नाराजगी भाजपा प्रत्याशी सौरभ जोशी के लिए राह आसान बनाती दिख रही है। वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच बढ़ती दूरी ने भी सौरभ जोशी की कुर्सी तक पहुंच की संभावना को मजबूत किया है। यदि यह टकराव आज के चुनाव में भी बना रहा, तो भाजपा बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सकती है।
मेयर पद के प्रमुख उम्मीदवार
- BJP: सौरभ जोशी
- AAP: योगेश ढींगरा
- कांग्रेस: गुरप्रीत सिंह गाबी
हालिया राजनीतिक समीकरणों को देखें तो BJP के उम्मीदवार सौरभ जोशी की स्थिति सबसे मजबूत नजर आ रही है। पार्टी के पास नगर निगम में 18 पार्षदों का समर्थन है, जो उसे स्पष्ट बढ़त दिलाता है।
AAP में असंतोष से बदले समीकरण
आम आदमी पार्टी को इस चुनाव में आंतरिक नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी के कुल 11 पार्षदों में से दो पार्षदों के असंतुष्ट होने की खबरें सामने आई हैं। इनमें से रामचंद्र यादव ने प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज होकर डिप्टी मेयर पद के लिए अलग से नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं, दमनप्रीत सिंह की नाराजगी भी पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह असंतोष मतदान तक बना रहता है, तो AAP को बड़ा नुकसान हो सकता है।
![]()
Congress-AAP दूरी से BJP को फायदा
इस चुनाव में एक अहम पहलू यह भी है कि कांग्रेस और AAP के बीच कोई गठबंधन नहीं हुआ है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर—तीनों पदों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के पास 6 पार्षद हैं और इसके अलावा चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी का एक वोट भी रहेगा। हालांकि, कांग्रेस का AAP को समर्थन न देना सीधे तौर पर BJP के पक्ष में जाता दिख रहा है।
चुनाव से एक दिन पहले चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने अपने आवास पर पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में न केवल मेयर चुनाव बल्कि आगामी नगर निगम चुनाव रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके बाद रात 8 बजे से कांग्रेस पार्षदों के फोन बंद होने की खबरें आईं, जिसे राजनीतिक हलकों में रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
AAP की “Lunch Diplomacy” पर सवाल
AAP ने पार्षदों को एकजुट रखने के लिए बुधवार को सुखना लेक पर लंच मीटिंग आयोजित की। पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जनरैल सिंह और अध्यक्ष विजय पाल यादव की मौजूदगी में पार्षद सोलर क्रूज पर चर्चा करते नजर आए। हालांकि, सामने आई तस्वीरों में केवल 6 से 7 पार्षद ही दिखाई दिए, जिससे पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए। खास बात यह रही कि रामचंद्र यादव और जसबीर सिंह लाडी इस लंच मीटिंग में शामिल नहीं हुए।
दूसरी ओर, BJP ने चुनाव से पहले संगठित रणनीति अपनाई। पार्टी के सभी पार्षद पिछले कई दिनों से पंचकूला में रुके हुए हैं। बुधवार को BJP के चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े ने पंचकूला के एक होटल में बैठक कर पार्षदों को पार्टी अनुशासन, एकता और प्रधानमंत्री के विजन की याद दिलाई।











