एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स को निशाना बना रहा एक नया AI मैलवेयर बिना किसी चेतावनी के फोन की परफॉर्मेंस को नुकसान पहुंचा रहा है। यह बैकग्राउंड में एक्टिव रहकर सिस्टम पर लोड बढ़ाता है, जिससे फोन स्लो होता है, बैटरी जल्दी खत्म होती है और डेटा खपत बढ़ सकती है।
AI Malware Alert: साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने हाल ही में एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स को लेकर एक नए AI आधारित मैलवेयर पर अलर्ट जारी किया है, जो बिना शोर किए फोन को स्लो बना देता है। Dr. Web की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मैलवेयर बैकग्राउंड में सक्रिय रहकर विज्ञापनों पर ऑटो-क्लिक करता है, जिससे प्रोसेसर और RAM पर दबाव बढ़ता है। यह खतरा खासतौर पर उन यूजर्स के लिए गंभीर है जो थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म्स या अनजान वेबसाइट्स से APK फाइल्स डाउनलोड करते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसकी पहचान मुश्किल होने के कारण यूजर्स लंबे समय तक इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर फोन की परफॉर्मेंस और सुरक्षा दोनों के लिए जोखिम बन सकता है।
बिना शोर किए फोन को बना देता है स्लो
साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह AI मैलवेयर पारंपरिक तरीके से डेटा चोरी नहीं करता. यह बैकग्राउंड में एक्टिव रहकर ऐप्स और वेबसाइट्स पर दिखने वाले विज्ञापनों को पहचानता है और अपने आप उन पर क्लिक करता रहता है. बाहर से फोन सामान्य लगता है, लेकिन अंदर ही अंदर सिस्टम पर अतिरिक्त लोड बढ़ता जाता है.
लगातार चलने वाली ये छिपी गतिविधियां प्रोसेसर और RAM पर दबाव डालती हैं. नतीजा यह होता है कि मोबाइल की स्पीड घटने लगती है, बैटरी जल्दी खत्म होती है और कई मामलों में फोन जरूरत से ज्यादा गर्म भी होने लगता है. कुछ यूजर्स ने अचानक मोबाइल डेटा खपत बढ़ने की शिकायत भी की है.
![]()
Dr. Web की रिपोर्ट से हुआ खुलासा
इस AI मैलवेयर का खुलासा साइबर सिक्योरिटी कंपनी Dr. Web की रिसर्च में हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह मैलवेयर खुद को किसी सामान्य ऐप प्रोसेस की तरह छुपा लेता है. चूंकि कोई संदिग्ध गतिविधि सीधे नजर नहीं आती, इसलिए यूजर लंबे समय तक इसे पहचान नहीं पाते.
रिसर्च में यह भी सामने आया है कि यह मैलवेयर खास तौर पर एंड्रॉयड डिवाइसेज को निशाना बना रहा है. इसकी डिजाइन इतनी स्मार्ट है कि यह यूजर के व्यवहार और स्क्रीन पर दिख रहे कंटेंट के हिसाब से खुद को ढाल लेता है, जिससे इसकी पहचान और मुश्किल हो जाती है.
APK डाउनलोड करने वालों पर ज्यादा खतरा
रिपोर्ट में बताया गया है कि यह खतरा मुख्य रूप से संक्रमित ऐप्स और APK फाइल्स के जरिए फैल रहा है. कुछ ऐसे ऐप्स Xiaomi के GetApps स्टोर और अन्य थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म्स पर भी पाए गए हैं. जो यूजर्स अनजान वेबसाइट्स से APK डाउनलोड कर ऐप इंस्टॉल करते हैं, उनके लिए जोखिम कहीं ज्यादा है.
एक बार फोन में इंस्टॉल होने के बाद यह AI मैलवेयर लगातार बैकग्राउंड में चलता रहता है. धीरे-धीरे यह फोन की स्पीड, बैटरी लाइफ और ओवरऑल परफॉर्मेंस को प्रभावित करता है, जिसे कई लोग मोबाइल की उम्र या स्टोरेज की समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं.










