Meta के लीक ऑडियो में कर्मचारियों की निगरानी और AI ट्रेनिंग का दावा

Meta के कथित लीक ऑडियो में कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी और AI मॉडल ट्रेनिंग में डेटा इस्तेमाल करने का दावा किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Meta ने AI मॉडल्स को ट्रेनिंग देने के लिए कर्मचारियों की गतिविधियों की निगरानी की। लीक ऑडियो में कथित तौर पर मार्क जुकरबर्ग ने इस प्रक्रिया को रणनीतिक और जरूरी बताया है।

Tech: मेटा से जुड़े एक कथित लीक ऑडियो ने कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Meta अपने कर्मचारियों के कंप्यूटर इस्तेमाल, कीस्ट्रोक्स और स्क्रीन एक्टिविटी को ट्रैक कर AI मॉडल्स की ट्रेनिंग में उपयोग कर रही थी। दावा किया गया है कि कंपनी ने इस प्रक्रिया की जानकारी कर्मचारियों को पूरी तरह नहीं दी, जिससे आंतरिक असंतोष बढ़ गया।

AI ट्रेनिंग के लिए कर्मचारियों की एक्टिविटी ट्रैक करने का दावा

रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी एक विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए कर्मचारियों के कीस्ट्रोक्स, माउस मूवमेंट और स्क्रीन एक्टिविटी रिकॉर्ड कर रही थी। दावा है कि इस डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल्स को ट्रेनिंग देने के लिए किया जा रहा था, ताकि सिस्टम कर्मचारियों के काम करने के तरीके को समझ सके।

बताया गया है कि Meta का मानना था कि उसके इंजीनियर और कर्मचारी बाहरी कॉन्ट्रैक्टर्स की तुलना में अधिक एडवांस वर्कफ्लो पर काम करते हैं। ऐसे में AI मॉडल्स को इन पैटर्न्स से ट्रेन करने पर बेहतर रिजल्ट मिल सकते हैं।

लीक ऑडियो में रणनीतिक कारणों का जिक्र

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कथित ऑडियो में Mark Zuckerberg ने इस मॉनिटरिंग को रणनीतिक रूप से जरूरी बताया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा कि हर प्रक्रिया की पूरी जानकारी कर्मचारियों को देना हमेशा संभव नहीं होता, खासकर तब जब कंपनी नई टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हो।

दावा यह भी किया गया कि कंपनी ने इस प्रक्रिया को सीमित दायरे में रखा ताकि अन्य टेक कंपनियां इसकी नकल न कर सकें। इसी वजह से कर्मचारियों को इस सिस्टम की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी।

कर्मचारियों में बढ़ी नाराजगी

रिपोर्ट्स के अनुसार, जब कर्मचारियों को कथित मॉनिटरिंग के बारे में जानकारी मिली तो कई लोगों ने इस पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें न तो पहले सूचित किया गया और न ही इस प्रक्रिया से असहमति जताने का विकल्प मिला।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कंपनी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर रही है। ऐसे में लीक ऑडियो ने Meta की वर्क कल्चर और AI डेवलपमेंट मॉडल को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं।

Leave a comment