महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2025: एकनाथ शिंदे के नेता के दफ्तर पर LCB का छापा, शिवसेना ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2025 से पहले एकनाथ शिंदे के नेता के दफ्तर पर LCB ने छापा मारा। शिवसेना ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे राजनीतिक दबाव बताया।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2025: एकनाथ शिंदे के नेता के दफ्तर पर LCB का छापा, शिवसेना ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। सत्तारूढ़ महायुति के सहयोगी दल शिवसेना के नेताओं के आवास और कार्यालयों पर छापेमारी की जा रही है।

मुंबई: महाराष्ट्र में चल रहे निकाय चुनावों के बीच सियासी माहौल उस समय और गरमा गया, जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (शिंदे गुट) के पूर्व विधायक शहाजी बापू पाटील के कार्यालय पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस छापे को लेकर शिवसेना ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर राजनीतिक दबाव बनाने और चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया है।

यह कार्रवाई लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और चुनाव अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। छापेमारी महाराष्ट्र के सांगोला क्षेत्र में शहाजी बापू पाटील के कार्यालय पर हुई, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल मच गई।

कार्यालय में हुई जांच और रिकॉर्डिंग

अधिकारियों की टीम ने शहाजी बापू पाटील के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े संभावित मामलों की जांच के तहत की गई। इसी दौरान सांगोला में ही विधायक बाबासाहेब देशमुख के प्रचार कार्यालय की भी चुनाव अधिकारियों द्वारा जांच की गई। लगातार हो रही इन जांच कार्रवाइयों से क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2025: एकनाथ शिंदे के नेता के दफ्तर पर LCB का छापा, शिवसेना ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

छापेमारी के बाद शहाजी बापू पाटील ने मीडिया से बातचीत में इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ जिला पालक मंत्री जयकुमार गोरे और पूर्व विधायक दीपक आबा सालुंखे के इशारे पर किया गया है। उन्होंने कहा,

'सांगोला नगर परिषद चुनाव में बीजेपी को अपनी हार साफ नजर आ रही है। इसी डर और घबराहट में यह छापेमारी कराई गई है। यह पूरी तरह से राजनीतिक बदले की कार्रवाई है।'

शहाजी बापू का आरोप है कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने और शिवसेना कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने के लिए जानबूझकर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।

शिवसेना ने उठाए निष्पक्षता पर सवाल

शिंदे गुट की शिवसेना के नेताओं ने सवाल उठाया है कि चुनाव के ऐन मौके पर ही ऐसी छापेमारी क्यों की जा रही है? पार्टी का कहना है कि अगर किसी तरह की जांच करनी थी तो यह प्रक्रिया चुनाव से पहले या बाद में भी की जा सकती थी, लेकिन मतदान से ठीक पहले कार्रवाई करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसा है।

शिवसेना नेताओं का आरोप है कि प्रशासन और जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे महायुति गठबंधन में भी असहजता का माहौल बनता दिख रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से कानून और आचार संहिता के तहत की गई है और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं, चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सभी दलों और उम्मीदवारों पर समान रूप से निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment