उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों की कार्यकारिणी को अंतिम रूप दे रही है और जल्द ही नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी की जाएगी।
देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा ने अपनी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों की कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। पार्टी अब जल्द ही नई प्रांतीय टीम का गठन करने जा रही है। जिला कार्यकारिणी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर बाकी जिलों के पदाधिकारियों से विमर्श भी प्रारंभ कर दिया है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया के बाद प्रदेश संगठन में नई टीम की घोषणा शीघ्र ही कर दी जाएगी।
जिला स्तर पर मंथन जारी
भाजपा ने राज्य की 19 जिला इकाइयों की कार्यकारिणी को मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने मंगलवार से आपदा प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर शेष जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं। जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधायकों के साथ मंथन कर संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी की रणनीति यह है कि प्रत्येक जिला कार्यकारिणी में महिलाओं, युवाओं, एससी-एसटी, ओबीसी और सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व इस बात पर जोर दे रहा है कि संगठन में सभी सामाजिक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसी दिशा में जिला और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में संतुलन पर जोर दिया जा रहा है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि आने वाले दो दिनों में जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद जल्द ही नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा होगी। यह नई टीम 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों का संचालन करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर बोला हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की रैली में जो बयानबाजी हुई, वह न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता का बल्कि देश की समस्त मातृशक्ति का अपमान है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व इस घटना पर माफी मांगने को तैयार नहीं है, जिससे देशभर के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर कांग्रेस को अपनी गलती का अहसास कराने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस नेताओं का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण रहा।
मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने धामी मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पांच मंत्री पद रिक्त हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है।