प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई। अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, शरद पवार, नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू सहित कई नेताओं ने बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
Narendra Modi 75 Years Birthday Wishes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन आज देशभर में उत्साह और शुभकामनाओं के बीच मनाया जा रहा है। सुबह से ही सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के लिए बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है। आम जनता से लेकर बड़े-बड़े नेताओं और फिल्मी हस्तियों तक ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कई कार्यक्रमों का आयोजन करने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली सरकार ने भी 75 सेवा परियोजनाओं की शुरुआत और भव्य आयोजनों का ऐलान किया है।
इस मौके पर देश के कई दिग्गज नेताओं ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एनसीपी नेता शरद पवार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और फिल्म अभिनेता व राजनेता शत्रुघन सिन्हा समेत तमाम नेताओं ने सोशल मीडिया के ज़रिए बधाई संदेश साझा किए।
अमित शाह ने कहा- मोदी जी ने भारत को वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र बनाया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक आकांक्षाओं का केंद्र बन गया है। उन्होंने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक मिशन चंद्रयान-3 से लेकर द्वारका के समुद्री अन्वेषण तक का ज़िक्र किया और कहा कि मोदी जी ने विज्ञान और विरासत दोनों को नई ऊंचाई दी है।
अमित शाह ने आगे लिखा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने स्वदेशी कोविड वैक्सीन बनाई। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की। किसानों को बेहतर दाम दिलाने, स्टार्टअप्स और इनोवेशन को बढ़ावा देने और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मज़बूत करने जैसे कई बड़े कदम उठाए। उन्होंने कहा कि मोदी जी एक ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं, जो हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने।
चंद्रबाबू नायडू बोले- सही समय पर सही नेता मिला
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमें सही समय पर सही नेता मिला है, जो स्पष्ट दृष्टि और दृढ़ संकल्प के साथ देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
नायडू ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और कार्यशैली ने देश के लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उनकी निष्ठा और सेवा भाव ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया है। 2047 तक विकसित भारत का जो रोडमैप उन्होंने रखा है, वह देश को अग्रणी राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और लंबे जीवन की शुभकामना करते हुए कहा कि देश को उनकी ऊर्जा और नेतृत्व की लंबे समय तक ज़रूरत है।
नीतीश कुमार ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि "आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।"
शरद पवार ने कहा- ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु दें
एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "आपके जन्मदिन के मौके पर मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और दीर्घायु प्रदान करें।"
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के कुशल मार्गदर्शन में भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में देश और भी मज़बूती से आगे बढ़ेगा।
शत्रुघन सिन्हा ने साझा की पुरानी तस्वीरें
फिल्म अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता शत्रुघन सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ की पुरानी तस्वीरें साझा कीं और लिखा,
"हमारे मित्र और समाज के मित्र माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। ईश्वर आपको सदैव सुख, शांति, आनंद, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें।"
सिन्हा के इस भावुक संदेश ने उनके निजी रिश्तों और सम्मान को उजागर किया।
योगी आदित्यनाथ बोले- विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि
"140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर 'नए भारत' को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता और हम सभी के मार्गदर्शक को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि और लोक-कल्याण की भावना को जीवन साधना में उतारने वाले पीएम मोदी का अप्रतिम पुरुषार्थ, संवेदनशील नेतृत्व और कर्मनिष्ठा ने भारत को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने आगे लिखा कि
"25 करोड़ उत्तर प्रदेशवासियों की ओर से प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन दें, ताकि उनका सशक्त नेतृत्व राष्ट्र को मिलता रहे।"
सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। ट्विटर (अब X), फेसबुक, इंस्टाग्राम से लेकर व्हाट्सएप तक हर जगह मोदी जी के नाम के हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। लाखों लोग उन्हें शुभकामनाएं भेज रहे हैं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने देशभर में सेवा कार्यक्रम शुरू किए हैं। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़ा है। वहीं, दिल्ली सरकार ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 75 सेवा परियोजनाओं की शुरुआत की है।