Monsoon Rainfall Crisis: भारत में मानसूनी बारिश का 25% पानी हवा में गायब, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

Monsoon Rainfall Crisis: वैज्ञानिकों के अनुसार भारत में मानसून की बारिश का बड़ा हिस्सा वाष्पीकरण और वायुमंडलीय बदलावों के कारण जमीन तक पहुंचने से

Indian Institute of Tropical Meteorology की एक स्टडी में दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। अध्ययन के अनुसार, उत्तरी पश्चिमी घाट क्षेत्र में मानसून के दौरान होने वाली बारिश का लगभग एक-चौथाई हिस्सा जमीन तक पहुंचने से पहले ही वाष्प बनकर वातावरण में वापस चला जाता है।

Monsoon Update: भारत में मानसून की स्थिति को लेकर मौसम वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ गई है। एक नई रिसर्च में सामने आया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान होने वाली बारिश का लगभग एक-चौथाई हिस्सा जमीन तक पहुंचने से पहले ही वाष्प बनकर वातावरण में मिल जाता है। इस अध्ययन ने मानसूनी बारिश, जल उपलब्धता और मौसम पूर्वानुमान को लेकर नई चुनौतियां सामने रखी हैं।

पुणे स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी (IITM) के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी घाट क्षेत्र में जून से सितंबर तक होने वाली मानसूनी बारिश का औसतन करीब 25 प्रतिशत हिस्सा वाष्पीकरण के कारण खत्म हो जाता है। यह अध्ययन ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत में मानसूनी बारिश सामान्य से कम दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, देश में अब तक मानसूनी वर्षा में लगभग 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

पहली बार प्रयोग के जरिए मापा गया बारिश का नुकसान

वैज्ञानिकों के अनुसार, भारत में पहली बार किसी प्रत्यक्ष प्रयोग के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश की गई है कि बारिश की कितनी मात्रा जमीन तक पहुंचने से पहले ही वातावरण में वापस चली जाती है। IITM पुणे की टीम ने पाया कि मानसून के चार महीनों के दौरान बारिश के पानी के वाष्पीकरण की मात्रा लगातार एक जैसी नहीं रहती। 

यह अलग-अलग मौसम परिस्थितियों के अनुसार 4 प्रतिशत से लेकर 61 प्रतिशत तक हो सकती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के आंकड़े भविष्य में मौसम और जलवायु मॉडल को अधिक सटीक बनाने में मदद करेंगे। यह अध्ययन प्रतिष्ठित पीयर-रिव्यूड जर्नल ‘एटमॉस्फेरिक केमिस्ट्री एंड फिजिक्स’ में प्रकाशित हुआ है।

कैसे गायब हो जाता है बारिश का पानी?

बारिश की बूंदें जब बादलों से जमीन की ओर गिरती हैं, तो रास्ते में मौजूद गर्म और शुष्क हवा के संपर्क में आने पर उनका कुछ हिस्सा वाष्प में बदल जाता है।इस प्रक्रिया के दौरान बारिश की बूंदें आसपास की हवा से गर्मी सोखती हैं, जिससे बादलों के नीचे का वातावरण ठंडा हो जाता है। इससे हवा की गति, तापमान और संवहन प्रक्रिया प्रभावित होती है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, यह प्रक्रिया केवल पानी के नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अगले दौर की बारिश को भी प्रभावित कर सकती है। मानसून प्रणाली में छोटे-छोटे बदलाव लंबे समय में मौसम के पैटर्न पर बड़ा असर डाल सकते हैं।

Monsoon Rainfall Crisis: भारत में मानसूनी बारिश का 25% पानी हवा में गायब, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

हल्की बारिश पर ज्यादा असर

अध्ययन में यह भी सामने आया कि वाष्पीकरण का प्रभाव हल्की बारिश की छोटी बूंदों पर अधिक होता है। वहीं तेज बारिश में बड़ी बूंदों पर इसका असर अपेक्षाकृत कम होता है। वैज्ञानिकों ने 2019 के मानसून सीजन के दौरान पुणे क्षेत्र में बारिश के पानी और वातावरण में मौजूद जलवाष्प के नमूने एकत्र किए। इसके बाद लेजर स्पेक्ट्रोमीटर की मदद से उनके आइसोटोप अनुपात का अध्ययन किया गया।

इस डेटा को ‘बिलो क्लाउड इंटरेक्शन मॉडल’ में शामिल किया गया, जिससे यह समझने में मदद मिली कि बादल से जमीन तक पहुंचने के दौरान बारिश की बूंदों में कितना बदलाव आता है।

मानसून फिर कमजोर, बारिश में बढ़ी कमी

भारत में जून के अंत में मानसून की बारिश में बड़ी कमी दर्ज की गई थी। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश के बाद स्थिति में सुधार हुआ और बारिश की कमी घटकर लगभग 14 प्रतिशत तक आ गई थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण देशभर में बारिश की कमी फिर बढ़कर करीब 18 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले छह से सात दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, पश्चिम-मध्य भारत के मैदानी इलाकों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं।

खेती और जल संकट पर असर की आशंका

कम बारिश और बारिश के पानी के वाष्पीकरण का सीधा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ सकता है। भारत के कई हिस्सों में खेती अभी भी मानसून पर निर्भर है, खासकर वे क्षेत्र जहां सिंचाई सुविधाएं सीमित हैं। कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मानसून लंबे समय तक कमजोर रहता है, तो किसानों को पानी की उपलब्धता और उत्पादन दोनों स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a comment