Pune

MP में कांग्रेस विधायक का विवादित बयान: 'जो मर्द थे वो जंग में आए', BJP ने किया तीखा पलटवार

MP में कांग्रेस विधायक का विवादित बयान: 'जो मर्द थे वो जंग में आए', BJP ने किया तीखा पलटवार

मध्य प्रदेश की ग्वालियर ग्रामीण सीट से कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। अशोकनगर में मंगलवार को आयोजित कांग्रेस के 'न्याय सत्याग्रह' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा, "जो मर्द थे वो जंग में आए और जो हिजड़े थे वो संघ में गए।" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के समर्थन में किया गया था। पटवारी पर एक युवक को फर्जी दावा करने के लिए मजबूर करने का आरोप है और इसी सिलसिले में उनके खिलाफ अशोकनगर के मुंगावली थाने में केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस ने इस एफआईआर को राजनीतिक साजिश करार दिया है और भाजपा पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

BJP ने कसा तंज

साहब सिंह गुर्जर के विवादित बयान पर भाजपा ने करारा पलटवार करते हुए इसे न केवल ‘थर्ड जेंडर’ समुदाय, बल्कि महिलाओं का भी अपमान बताया है। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अशोकनगर में हुआ कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह असफल रहा और यह कांग्रेस की गुटबाजी का एक और उदाहरण बनकर रह गया।

सारंग ने यह भी सवाल उठाया कि क्या गुर्जर का यह बयान कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेताओं कमलनाथ और अरुण यादव के लिए था, जो ‘न्याय सत्याग्रह’ कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनहित के मुद्दों से भटककर सिर्फ विवादित बयानों के जरिए राजनीति चमकाने में लगी है।

चुनावी मौसम में बयानबाजी तेज

चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होती जा रही है। साहब सिंह गुर्जर की टिप्पणी को जहां भाजपा ने राष्ट्रवादी संगठनों का अपमान बताया है, वहीं कांग्रेस के भीतर भी इस बयान पर चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा ने साफ कहा है कि वह इस तरह की फूहड़ भाषा और मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसे जनता के बीच उजागर किया जाएगा।

विवादित बयान के साथ एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या चुनावी गर्मी में नेताओं की जुबान पर लगाम लगाना अब नामुमकिन हो गया है?

Leave a comment