मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में अन्नदाता सम्मान समारोह में किसानों और आम जनता के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में लगभग 200 करोड़ रुपये की भावांतर राशि अंतरित की।
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मौसम चाहे जैसा भी हो, किसानों की हमेशा अपने खेत-खलिहान की चिंता बनी रहती है। अगर फसल अच्छी हो, तो सालभर हरियाली बनी रहती है, लेकिन किसी कारण से पैदावार कम हो जाए, कीड़ा लग जाए या ओला-पाला से फसल खराब हो जाए, तो सालभर की मेहनत पर पानी फिर जाता है।
डॉ. यादव ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और अगर उन्हें कोई परेशानी या कठिनाई हो, तो हमारी सरकार उनके लिए संबल और ढाल बनकर हमेशा साथ खड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि किसान हमारी संस्कृति का आधार, हमारी धरोहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के असली कर्णधार हैं। किसानों की जिंदगी बेहतर बनाना, उनके खेतों, खलिहानों और घरों में समृद्धि लाना ही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
किसानों को भावांतर भुगतान योजना के तहत लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मौसम चाहे कैसा भी हो, किसान हमेशा अपने खेतों की चिंता में रहते हैं। फसल खराब होने पर उनकी मेहनत और सालभर की चिंता बेकार न जाए, इसके लिए सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसान हमारी संस्कृति का आधार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के असली कर्णधार हैं।
डॉ. यादव ने बताया कि भावांतर भुगतान योजना प्रारंभ से अब तक 7 लाख 10 हजार से अधिक किसानों को 1500 करोड़ रुपये की राशि प्रदान कर चुकी है। आज जिन किसानों को राशि मिली है, उनमें मंदसौर जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को लगभग 43 करोड़ रुपये की राशि दी गई। विशेष रूप से पांच किसानों को मंच से चेक सौंपे गए:
- श्री रघुवीर सिंह – 95 हजार रुपये
- श्री मुकेश पाटीदार – 73 हजार रुपये
- श्री ओमकार सिंह – 64 हजार रुपये
- श्री रामदयाल और श्री जगदीशचंद्र पाटीदार
मंदसौरवासियों को मिलीं नई विकास सौगातें
![]()
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री मनोहर सिंह चौहान की वीरता को भी सम्मानित किया। मनोहर सिंह ने एक दुर्घटना में चार लोगों की जान बचाई, लेकिन खुद की जान गंवा दी। उनके पुत्र श्री संजय सिंह को पुलिस आरक्षक के पद पर सीधी अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवता दिखाने वाला हर नागरिक सम्मान का पात्र है।
मुख्यमंत्री ने मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 57.91 करोड़ रुपये की लागत से मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर 4 लेन फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 5.53 करोड़ रुपये की लागत से पिपलिया मंडी में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण और 2.06 करोड़ रुपये की लागत से नारायणगढ़ मार्ग पर नवनिर्मित रेलवे अंडरपास का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही उन्होंने भुवानी माता मंदिर का जीर्णोद्धार कराने और काका गाडगिल सागर डेम को आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदसौरवासियों को 25 करोड़ रुपये की लागत से बने भगवान पशुपतिनाथ लोक की सौगात भी मिली। डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने किसानों के हित में सबसे पहले भावांतर भुगतान योजना लागू की। इस योजना के माध्यम से सोयाबीन किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरसों और मूंगफली की फसल को भी योजना के दायरे में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान अपनी मेहनत और धैर्य से देश में मान बढ़ा रहे हैं। सरकार ने कृषि कल्याण वर्ष-2026 में किसानों को कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का भी प्रयास किया है।












