सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप: बोले- 'आर्थिक सर्वेक्षण में किसानों और मजदूरों के लिए कुछ नहीं'

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आर्थिक सर्वेक्षण पर निशाना साधते हुए कहा कि इसमें किसानों और मजदूरों के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया। जानिए उनके आरोप
सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप: बोले- 'आर्थिक सर्वेक्षण में किसानों और मजदूरों के लिए कुछ नहीं'

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। इस रिपोर्ट को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने तंज कसा और कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण में किसानों के लिए कोई ठोस उपाय या प्रावधान नहीं है।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2024-25 के आर्थिक सर्वेक्षण पर कड़ा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट में किसानों और श्रमिक वर्ग के हितों को नजरअंदाज किया गया है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था में इनकी भूमिका निर्णायक है।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हमारे देश के करीब 72 फीसदी लोग कृषि से जुड़े हैं। किसान हमारा अन्नदाता है। जब तक हमारा किसान खुशहाल नहीं होगा, तब तक हमारा देश खुशहाल नहीं हो सकता। आर्थिक सर्वेक्षण में किसानों के लिए कोई ठोस पहल नहीं दिखाई गई।

विकसित भारत-जी रामजी विधेयक पर सांसद ने उठाए सवाल

सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप: बोले- 'आर्थिक सर्वेक्षण में किसानों और मजदूरों के लिए कुछ नहीं'

अवधेश प्रसाद ने विकसित भारत-जी रामजी विधेयक पर भी अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे मनरेगा की पुनरावृत्ति करार दिया और कहा कि यह योजना मूल रूप से मजदूर वर्ग के लिए लगभग 20 साल पुरानी योजना थी। सांसद ने कहा, 

'20 साल पहले जो मजदूरी थी, तब से मुद्रा की क्रय शक्ति घट गई है, जिससे महंगाई बढ़ी है। भारत में सोना और चांदी की कीमतें भी दुनिया के किसी और देश की तुलना में अधिक हैं। यदि सरकार सच में किसानों और श्रमिकों के हित में है, तो सबसे पहले उनकी मजदूरी को आज के महंगाई स्तर के हिसाब से बढ़ाना चाहिए।'

अवधेश प्रसाद ने श्रमिकों और किसानों के बकाया भुगतान पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा, 

'आज करोड़ों किसान और श्रमिक ऐसे हैं, जिन्होंने मेहनत की है, लेकिन उन्हें उसका भुगतान नहीं मिला। यह संख्या केवल सैकड़ों या हजारों में नहीं, बल्कि करोड़ों में है। आर्थिक सर्वेक्षण में इस पर कोई टिप्पणी नहीं है, इसका अर्थ यही लिया जा सकता है कि मजदूरों और किसानों का भुगतान होने वाला नहीं है।'

उन्होंने आगे कहा कि सरकार को पिछला भुगतान पूरा कराना चाहिए और इसे आज की आर्थिक परिस्थितियों के अनुसार अपडेट करना चाहिए।

मनरेगा कार्य दिवसों को लेकर आलोचना

सपा सांसद ने मनरेगा योजना में कार्य दिवसों की संख्या 125 करने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, देश के अधिकांश श्रमिक दूसरे राज्यों में जाकर अपना जीविकोपार्जन करते हैं। ऐसे में 125 दिनों की जगह कम से कम 200 दिन की व्यवस्था होनी चाहिए थी। यह कदम न केवल किसानों बल्कि श्रमिकों के लिए भी राहत देने वाला होता।

अवधेश प्रसाद का कहना है कि सरकार ने आर्थिक सर्वेक्षण में केवल संख्याओं और आंकड़ों पर ध्यान दिया, लेकिन वास्तविक जीवन में किसानों और मजदूरों की परेशानियों को नजरअंदाज किया गया है।

Leave a comment