वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और दो बार की विश्व कप विजेता लिसा नाइटली को अपनी महिला टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने बड़ा बदलाव करते हुए अपने नए कोच का ऐलान कर दिया है। टीम ने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी और अनुभवी कोच लिसा नाइटली को यह जिम्मेदारी सौंपी है। वह अब चार्लोट एडवर्ड्स की जगह लेंगी। लिसा नाइटली महिला क्रिकेट की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं, जिन्होंने बतौर खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया को दो बार (1997 और 2005) वनडे वर्ल्ड कप खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
उनका क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है और कोचिंग के क्षेत्र में भी उन्होंने अलग पहचान बनाई है। कई लीग्स में कोचिंग कर चुकीं लिसा के अनुभव से मुंबई इंडियंस के साथ-साथ भारतीय महिला क्रिकेट को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कौन हैं लिसा नाइटली?
लिसा नाइटली ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की ओर से खेल चुकी हैं और उन्होंने अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। वह 1997 और 2005 में ऑस्ट्रेलिया की वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थीं। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में 9 टेस्ट, 82 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं।
खेल करियर के बाद उन्होंने कोचिंग को अपना पेशा बनाया और महिला क्रिकेट में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपना योगदान दिया। वह इंग्लैंड की सीनियर महिला टीम की मुख्य कोच बनने वाली पहली महिला रहीं। इसके अलावा उन्होंने WBBL (विमेंस बिग बैश लीग), द हंड्रेड और WPL में भी कोचिंग की है। हाल ही में उन्होंने नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को द हंड्रेड में महिला खिताब दिलाया था।
मुंबई इंडियंस से जुड़ने पर लिसा नाइटली की प्रतिक्रिया
अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए लिसा नाइटली ने कहा, मुंबई इंडियंस जैसी प्रतिष्ठित फ्रेंचाइज़ी से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है। इस टीम ने वुमेंस प्रीमियर लीग में नए मानदंड कायम किए हैं। मैं इस प्रतिभाशाली समूह के साथ काम करने के लिए रोमांचित हूं। हमारा लक्ष्य होगा कि हम अपनी सफलता को और आगे बढ़ाएं और मैदान के अंदर व बाहर खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहें।
मुंबई इंडियंस की ओनर नीता अंबानी ने भी इस मौके पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, हमें मुंबई इंडियंस परिवार में लिसा नाइटली का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। महिला क्रिकेट में लिसा ने अपने जुनून और समर्पण से कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उनका अनुभव और नेतृत्व मुंबई इंडियंस महिला टीम के लिए एक नए और रोमांचक अध्याय की शुरुआत करेगा।"