नागौर की व्यास कॉलोनी में रुई और हैंडीक्राफ्ट गोदाम में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग 90 मिनट में दमकल ने काबू पाया। किसी की जान नहीं गई, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हुआ।
Rajasthan: नागौर शहर की व्यास कॉलोनी में कैलाश अग्रवाल के तीन मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट हुआ। आग तेजी से फैलती चली गई और तीसरी मंजिल पर स्थित रुई, प्लास्टिक और हैंडीक्राफ्ट गोदाम तक पहुंच गई। ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग की लपटें बेहद तेज हो गईं और पड़ोस के मकानों तक फैलने लगीं।
पड़ोसियों ने आग की लपटें देखकर तुरंत शोर मचाया और मकान में रह रहे परिवार को बाहर निकाला। इससे किसी की जान नहीं गई।
दमकल ने 90 मिनट में काबू पाया

सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों और भीड़ के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गोदाम में एक भारी कंप्रेसर भी रखा हुआ था। यदि आग उस तक पहुंचती और फट जाता, तो पूरे इलाके के लिए बड़ा खतरा बन जाता। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।
पड़ोसियों और स्थानीय लोगों में चिंता
पड़ोसी सुनील गौड़ ने बताया कि रात 10:30 बजे उन्होंने खिड़की से आग की लपटें देखीं। उन्होंने तुरंत परिवार को चेताया और बिजली बंद करवाई। सुनील के अनुसार यदि 10 मिनट और देरी होती, तो कम से कम 10 घर आग की चपेट में आ सकते थे।
स्थानीय लोगों ने मकान में सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए। बताया गया कि गोदाम में कोई फायर सेफ्टी उपकरण नहीं था। इसके अलावा रिहायशी इलाके में रुई और हैंडीक्राफ्ट का गोदाम संचालित किए जाने पर भी लोग नाराज हैं।












