नागौर में खेत में जोरदार धमाका, युवक की मौत; हादसा या हत्या?

नागौर के खोड़वा गांव में खेत में धमाके से किसान प्रहलाद राम की मौत। बारूद ब्लास्ट की आशंका, भाई ने जताई हत्या की शंका, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी।

खोड़वा गांव के किसान प्रहलाद राम की खेत में संदिग्ध हालात में मौत हुई। शुरुआती जांच में बारूद ब्लास्ट सामने आया है। भाई ने हत्या की आशंका जताई। इलाके में लाइमस्टोन माइंस होने से माइनिंग बारूद की भूमिका पर सवाल हैं। पुलिस जांच जारी है।

Rajasthan: शनिवार सुबह करीब 10 बजे खोड़वा गांव के बाहर स्थित खेतों से जोरदार धमाके जैसी आवाज आने की चर्चा हुई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेत में एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खोड़वा निवासी प्रहलाद राम बुगासरा (38) के रूप में हुई, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

भावण्डा थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह के अनुसार, मृतक का शव उसी के खेत में मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके चेहरे के पास बारूद का ब्लास्ट हुआ, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की हालत बेहद खराब थी, सिर और एक हाथ के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के निशान मिले।

दो घंटे पहले खेत में छोड़कर गया था भाई

पुलिस के मुताबिक, मृतक का बड़ा भाई जयपाल सुबह करीब 8 बजे प्रहलाद को खेत में छोड़कर गया था। इसके लगभग दो घंटे बाद गांव के लोगों से परिवार को घटना की सूचना मिली। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

जयपाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आशंका जताई है कि यह सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि किसी साजिश के तहत की गई हत्या भी हो सकती है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।

माइनिंग में इस्तेमाल होने वाले बारूद की आशंका

थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि जिस क्षेत्र में घटना हुई, वहां बड़ी संख्या में लाइमस्टोन (चूना पत्थर) की माइंस संचालित हैं। माइनिंग गतिविधियों में अक्सर बारूद का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ब्लास्ट माइनिंग में प्रयुक्त बारूद से जुड़ा हो सकता है।

हालांकि यह साफ नहीं है कि बारूद खेत में कैसे पहुंचा और किस उद्देश्य से वहां मौजूद था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं अवैध रूप से बारूद तो नहीं रखा गया था या किसी ने जानबूझकर इसका इस्तेमाल किया।

हत्या, हादसा या आत्महत्या

पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं को खंगाल रही है। थानाधिकारी ने बताया कि आत्महत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, जिससे किसी एक कारण की पुष्टि हो सके।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फोरेंसिक जांच भी करवाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई।

एक पल में छिन गया सहारा

प्रहलाद राम शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार में बुजुर्ग पिता और बड़ा भाई भी है। अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सच्चाई सामने लाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment