नए साल 2026 के आगमन से पहले मौसम विभाग ने उत्तर भारत और कुछ अन्य राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार 31 दिसंबर की शाम से दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
Weather Update: देश में नए साल के आगमन की तैयारियों के बीच मौसम विभाग ने लोगों के लिए सावधानी का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा, पहाड़ी राज्यों में कुछ स्थानों पर भीषण बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।
उत्तर भारत में मौसम की स्थिति
मौसम विभाग ने 6 राज्यों में अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। इस दौरान लोगों को यात्रा और बाहर निकलने में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली में 31 दिसंबर की शाम से मौसम बिगड़ने की संभावना है। नए साल 1 जनवरी को भी बारिश और कोहरे का अलर्ट है।
अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह के समय तापमान गिरकर 8-9 डिग्री तक जा सकता है। दिल्लीवासियों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम

उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना है। इन जिलों में गोरखपुर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बहराइच, गोंडा, सैफई, मैनपुरी, बिजनौर, रामपुर, बलरामपुर, कानपुर, लखनऊ, सीतापुर, आगरा, टुंडला, मुजफ्फरनगर, बरेली, अमेठी, मेरठ और बाराबंकी शामिल हैं। सुबह के समय वाहन चालकों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
बिहार में 31 दिसंबर को मौसम में बदलाव की संभावना है। अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। पटना, गोपालगंज, जहानाबाद, गया, सिवान, भोजपुर, बक्सर, सारण, पूर्वी चंपारण में घना कोहरा रहेगा। सीमांचल के जिलों जैसे पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया में बादल छाए रहेंगे। 1 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है।
झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
झारखंड के रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग में शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ में 31 दिसंबर की शाम से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा में 31 दिसंबर की रात से बर्फबारी और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। गुलमर्ग, डोडा, रामबन और रजौरी में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और बीकानेर में 1 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में पंचमढ़ी, खजुराहो, रीवा और सतना में तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है। उमरिया में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच सकता है।











