NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सीकर के एक व्यक्ति ने बेटे के लिए कथित लीक पेपर हासिल करने को 10 लाख रुपये दिए। बावजूद इसके छात्र को परीक्षा में केवल 107 अंक मिले।
सीकर: NEET UG 2026 पेपर लीक केस में जांच एजेंसियों को बड़ा इनपुट मिला है। सीबीआई के अनुसार आरोपी दिनेश बीवाल ने कथित तौर पर अपने बेटे को परीक्षा में फायदा दिलाने के लिए लीक प्रश्न पत्र हासिल करने पर करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। हालांकि परीक्षा परिणाम में छात्र को 720 में से केवल 107 अंक मिले। मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
सीबीआई जांच में सामने आया पेपर लीक नेटवर्क
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच के दौरान राजस्थान का सीकर जिला एजेंसियों के रडार पर आ गया है। सीबीआई ने इस मामले में एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसा गेस पेपर हासिल किया था, जो असली NEET प्रश्न पत्र से काफी मिलता-जुलता था।
बताया जा रहा है कि यह सामग्री कोचिंग संस्थानों तक पहुंचाई गई, जहां से इसे आगे छात्रों तक फैलाया गया। मामले में आरोपी दिनेश बीवाल के बेटे ऋषि बीवाल की तलाश जारी है।
10 लाख खर्च करने के बावजूद खराब रहा रिजल्ट
जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक दिनेश बीवाल ने अपने बेटे ऋषि के लिए कथित तौर पर करीब 10 लाख रुपये देकर लीक पेपर हासिल किया था। हालांकि परीक्षा में ऋषि को 720 में से सिर्फ 107 अंक मिले।
पूछताछ के दौरान दिनेश ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पेपर उसके बेटे के लिए ही लिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि ऋषि की शैक्षणिक पृष्ठभूमि कमजोर रही है। उसने 10वीं करीब 44 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी, जबकि 12वीं में उसे सेकंड डिवीजन मिला था। सूत्रों के अनुसार 12वीं पास करने के लिए उसे ग्रेस मार्क्स की भी जरूरत पड़ी थी।
पुणे की टीचर मनीषा मांधरे गिरफ्तार
सीबीआई ने इस मामले में एक और अहम गिरफ्तारी करते हुए पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मांधरे को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार वह NEET UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई थीं और NTA ने उन्हें विषय विशेषज्ञ के तौर पर नियुक्त किया था।
जांच में सामने आया है कि मनीषा को बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्न पत्रों तक पहुंच थी। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।












