NUS Scholarship 2026: भारतीय छात्रों के लिए सिंगापुर में फुली-फंडेड पढ़ाई का शानदार मौका

सिंगापुर की NUS यूनिवर्सिटी भारतीय छात्रों को फुली-फंडेड स्कॉलरशिप दे रही है। इसमें ट्यूशन फीस, रहने-खाने और कंप्यूटर अलाउंस का लाभ मिलेगा।

सिंगापुर की नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर (NUS) ने इंटरनेशनल अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए फुली-फंडेड स्कॉलरशिप की घोषणा की है। इसमें ट्यूशन फीस, रहने और खाने का खर्च शामिल है। भारतीय छात्र अकादमिक प्रदर्शन और लीडरशिप के आधार पर चयनित होंगे।

 NUS Scholarship 2026: विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए सिंगापुर की नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर (NUS) शानदार अवसर लेकर आई है। यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल अंडरग्रेजुएट छात्रों को फुली-फंडेड स्कॉलरशिप दे रही है, जिसमें ट्यूशन फीस के साथ रहने, खाने और कंप्यूटर अलाउंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। स्कॉलरशिप के लिए छात्रों का चयन उनके अकादमिक रिकॉर्ड, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी और लीडरशिप प्रोफाइल के आधार पर किया जाएगा।

ट्यूशन फीस के साथ मिलेंगे कई आर्थिक लाभ

नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर की यह स्कॉलरशिप सिर्फ फीस छूट तक सीमित नहीं है। चयनित छात्रों को पढ़ाई के दौरान कई तरह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्कॉलरशिप के तहत छात्रों की 100 प्रतिशत सब्सिडाइज्ड ट्यूशन फीस कवर की जाएगी।

इसके अलावा छात्रों को सालाना 5,800 सिंगापुर डॉलर खाने के खर्च के लिए और 5,000 सिंगापुर डॉलर रहने के लिए दिए जाएंगे। एडमिशन के समय कंप्यूटर खरीदने के लिए 1,750 सिंगापुर डॉलर का वन-टाइम अलाउंस भी मिलेगा।

किन छात्रों को मिलेगा मौका

यह स्कॉलरशिप खास तौर पर बैचलर्स प्रोग्राम में एडमिशन लेने वाले इंटरनेशनल छात्रों के लिए शुरू की गई है। आवेदन करने वाले छात्रों का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। साथ ही 12वीं में मजबूत अकादमिक प्रदर्शन होना चाहिए।

यूनिवर्सिटी सिर्फ पढ़ाई के नंबरों पर ही फोकस नहीं कर रही है। स्पोर्ट्स, डिबेट, सोशल वर्क और अन्य एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी में भागीदारी भी चयन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाएगी। जिन छात्रों की प्रोफाइल में लीडरशिप स्किल दिखाई देगी, उन्हें प्राथमिकता मिलने की संभावना ज्यादा रहेगी।

स्कॉलरशिप के लिए अलग आवेदन की जरूरत नहीं

NUS में बैचलर्स कोर्स के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अलग से स्कॉलरशिप फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। यूनिवर्सिटी एडमिशन एप्लिकेशन के आधार पर ही योग्य उम्मीदवारों को स्कॉलरशिप के लिए शॉर्टलिस्ट करेगी।

शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों को ईमेल के जरिए इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चयन प्रक्रिया जनवरी से जुलाई के बीच पूरी होगी और अंतिम परिणाम जुलाई के मध्य तक घोषित किए जाएंगे।

ट्यूशन ग्रांट से जुड़ी जरूरी शर्त

स्टूडेंट्स को ट्यूशन फीस में पूरी छूट पाने के लिए सिंगापुर सरकार का ट्यूशन ग्रांट लेना होगा। इस योजना के तहत छात्रों को ग्रेजुएशन के बाद कम से कम तीन साल तक किसी सिंगापुर रजिस्टर्ड कंपनी में काम करना अनिवार्य होगा।

Leave a comment