Nuvama ने ऑटो सेक्टर के चुनिंदा शेयरों महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीवीएस मोटर, मदरसन वायरिंग, उनो मिंडा और अपोलो टायर्स में मजबूती की संभावना जताई है।
घरेलू ऑटो सेक्टर में जून 2025 की बिक्री के अनुमान के साथ ही बाजार में हलचल तेज हो गई है। प्रमुख ब्रोकरेज फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इस बार ऑटो सेक्टर को लेकर अपनी रिपोर्ट में कुछ खास कंपनियों को टॉप पिक की सूची में शामिल किया है। रिपोर्ट के मुताबिक टू-व्हीलर और ट्रैक्टर सेगमेंट इस बार बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं, जबकि पैसेंजर व्हीकल्स और कमर्शियल व्हीकल्स के आंकड़ों में कमजोरी दिखने की आशंका है।
ब्रोकरेज की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण इलाकों में बढ़ी हुई मांग, मॉनसून की शुरुआत और शादी के सीजन ने टू-व्हीलर और ट्रैक्टर सेगमेंट की बिक्री को सहारा दिया है। वहीं दूसरी ओर, पैसेंजर व्हीकल्स सेगमेंट में कंज्यूमर सेंटिमेंट कमजोर होने और डीलरशिप पर डिले हुई खरीदारी के कारण बिक्री प्रभावित हो सकती है।
टू-व्हीलर सेगमेंट में उछाल की उम्मीद
ब्रोकरेज का मानना है कि जून महीने में टू-व्हीलर की बिक्री सालाना आधार पर लगभग 7 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। खासकर ग्रामीण बाजारों में बाइक और स्कूटर की मांग मजबूत बनी हुई है। एक्सपोर्ट से भी सपोर्ट मिल रहा है, जिसमें लैटिन अमेरिका और अफ्रीकी बाजार प्रमुख हैं।
इस रिपोर्ट के अनुसार TVS Motor की बिक्री 23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4.1 लाख यूनिट तक पहुंच सकती है। Royal Enfield यानी आयशर मोटर्स की बिक्री में 15 प्रतिशत की ग्रोथ की उम्मीद है, जो जून में 84,000 यूनिट के आसपास रह सकती है। Hero MotoCorp की बिक्री 9 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5.5 लाख यूनिट और Bajaj Auto की बिक्री 3.9 लाख यूनिट तक रह सकती है।
ट्रैक्टर सेगमेंट दिखा सकता है मजबूती
मॉनसून की अच्छी शुरुआत और खेती से जुड़े पॉजिटिव सेंटिमेंट्स ने ट्रैक्टर की बिक्री को सहारा दिया है। Mahindra & Mahindra के फार्म इकाई की बिक्री में 7 प्रतिशत की बढ़त का अनुमान है, जो 50,800 यूनिट के करीब रह सकती है। Escorts की बिक्री भी हल्की बढ़त के साथ 11,500 यूनिट के आसपास हो सकती है।
पैसेंजर व्हीकल्स में दिख रही सुस्ती
पैसेंजर व्हीकल्स सेगमेंट में ब्रोकरेज ने 5 प्रतिशत तक की गिरावट का अनुमान जताया है। ग्राहक पूछताछ कम है और खरीद में भी देरी देखी जा रही है। डिस्काउंट्स बढ़ने के बावजूद, बिक्री पर खास असर नहीं पड़ा है।
Mahindra & Mahindra की बिक्री हालांकि इस सेगमेंट में मजबूती दिखा सकती है, जो 12 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ 78,000 यूनिट तक पहुंचने का अनुमान है। इसमें थ्री व्हीलर और कमर्शियल यूनिट्स भी शामिल हैं। Hyundai की बिक्री 6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,000 यूनिट तक सिमट सकती है। Maruti Suzuki की बिक्री घटकर 1.71 लाख यूनिट और Tata Motors की बिक्री 41,600 यूनिट पर आ सकती है, जो 5 प्रतिशत की गिरावट है।
कमर्शियल व्हीकल्स में भी दबाव
कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री में भी जून महीने में गिरावट देखी जा सकती है। नुवामा का अनुमान है कि इस सेगमेंट में लगभग 4 प्रतिशत की गिरावट हो सकती है। AC नॉर्म्स लागू होने से पहले की प्री-बाइंग और पर्याप्त फ्लीट उपलब्धता के चलते जून की बिक्री प्रभावित हो सकती है।
VE Commercial Vehicles यानी आयशर की बिक्री में मामूली 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 7,600 यूनिट की उम्मीद है। जबकि Ashok Leyland की बिक्री 14,900 यूनिट पर स्थिर रहने का अनुमान है। Tata Motors के कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 2 प्रतिशत गिरावट के साथ 31,400 यूनिट हो सकती है।
ब्रोकरेज की टॉप पिक्स
Nuvama की रिपोर्ट में जिन स्टॉक्स को टॉप पिक बताया गया है, उनमें Mahindra & Mahindra, TVS Motor, Motherson Wiring, Uno Minda और Apollo Tyres शामिल हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2025 से 2027 के बीच SUV, ट्रैक्टर और टू-व्हीलर सेगमेंट हाई सिंगल डिजिट ग्रोथ दर्ज कर सकते हैं, जो कमर्शियल व्हीकल्स की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
TVS Motor और M&M जैसी कंपनियों को Rural Market से काफी सपोर्ट मिल रहा है। Uno Minda और Motherson Wiring जैसे ऑटो कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स की डिमांड भी OEM प्रोडक्शन से सीधे जुड़ी हुई है। Apollo Tyres जैसे टायर कंपनियों को ट्रैक्टर और टू-व्हीलर की मजबूत बिक्री से फायदा मिलने की संभावना है।