टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक समापन के बाद अब क्रिकेट की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप 2027 पर है। टीम इंडिया ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए कुछ खिलाड़ियों को टी20 फॉर्मेट से थोड़ा दूर रखते हुए वनडे और टेस्ट पर फोकस करने का फैसला किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईसीसी का One Day World Cup अगले साल खेला जाना है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अब यह टूर्नामेंट क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा और अहम आयोजन माना जा रहा है। टीम इंडिया भी जल्द ही इसकी तैयारियों में जुट जाएगी। हालांकि टेस्ट, वनडे और टी20 मैच लगातार खेले जाते रहेंगे, लेकिन आगामी समय में टी20 इंटरनेशनल मैचों की संख्या कम की जाएगी और इसके मुकाबले वनडे मैचों की संख्या ज्यादा होगी।
इसी रणनीति के तहत टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah अब टी20 इंटरनेशनल में बहुत कम खेलेंगे और उनका फोकस मुख्य रूप से टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर रहेगा।
जसप्रीत बुमराह का वनडे फोकस
जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी वनडे मैच 2023 में खेला था, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्व कप का फाइनल हुआ। उस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद बुमराह का फोकस टी20 और टेस्ट फॉर्मेट पर ज्यादा रहा। अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद, बुमराह पूरी तरह से वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि बुमराह का यह फैसला उनके वर्कलोड मैनेजमेंट और फिटनेस को देखते हुए लिया गया है। वनडे विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए अहम होगा।

टी20 से दूरी, आईपीएल में खेलेंगे सक्रिय
जानकारी के अनुसार, जसप्रीत बुमराह अब टी20 इंटरनेशनल मैच बहुत कम खेलेंगे। इतना ही नहीं, हो सकता है कि उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल ही न किया जाए। इसका मतलब यह है कि उनका पूरा ध्यान टेस्ट और वनडे पर रहेगा। इस बीच, मार्च-अप्रैल में होने वाले आईपीएल 2026 में बुमराह अपनी टीम मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आएंगे। आईपीएल के बाद ही उनकी आगामी वनडे सीरीज और विश्व कप 2027 की तैयारी का रोडमैप तय किया जाएगा।
आईपीएल के बाद ही बीसीसीआई की ओर से टीम इंडिया के फॉर्मेट विभाजन की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके तहत तय होगा कि कौन सा खिलाड़ी किस फॉर्मेट में खेलेगा। वर्तमान में इतने अधिक मैच होने के कारण सभी खिलाड़ियों का तीनों फॉर्मेट खेलना लगभग नामुमकिन है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ नजर आएंगे बुमराह
वनडे में बुमराह की वापसी टीम इंडिया के लिए खास होगी। टी20 और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा केवल वनडे में खेल रहे हैं। इस साल जून में आईपीएल खत्म होने के बाद बुमराह इन दोनों दिग्गजों के साथ टीम इंडिया के लिए वनडे में उतरेंगे। पिछले तीन साल में बुमराह ने कुल 42 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 21 टेस्ट और 21 टी20 शामिल हैं, लेकिन वनडे मैच अभी तक नहीं खेले। विशेषज्ञों का मानना है कि अब उनके वनडे में शामिल होने से भारत के पास इस फॉर्मेट में ताकत बढ़ेगी।










