बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से पहले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी और क्वेना मफाका चोटिल हो गए हैं। दोनों की गैरमौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका ने नए खिलाड़ियों को मौका दिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क: बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज की तैयारियों में जुटी दक्षिण अफ्रीकी टीम को अपने गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करना पड़ा है। गेराल्ड कोएट्जी और क्वेना मफाका चोट के कारण आगामी मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने दोनों खिलाड़ियों की जगह टीम में बदलाव किए हैं। तियान वान वुरेन और 18 वर्षीय जेजे बैसन को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
घरेलू मुकाबले के दौरान चोटिल हुए गेराल्ड कोएट्जी
गेराल्ड कोएट्जी को सीएसए फोर-डे सीरीज डिवीजन-1 में लायंस की तरफ से खेलते हुए एडडक्टर मांसपेशियों में चोट लगी थी। नॉर्थ वेस्ट के खिलाफ यह मुकाबला 22 नवंबर को पोटचेफस्ट्रूम में समाप्त हुआ था। इस मैच में कोएट्जी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में 47 गेंदों पर 57 रन बनाए थे।
इसके अलावा 15 ओवर में महज 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हालांकि, चोट के चलते वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके। कोएट्जी को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी20 दोनों टीमों में चुना गया था। अब वह दोनों सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
क्वेना मफाका की रिकवरी में आई परेशानी
युवा तेज गेंदबाज क्वेना मफाका पहले से ही दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे थे। ट्रेनिंग के दौरान उनकी रिकवरी में फिर परेशानी आई, जिसके बाद क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने एहतियात के तौर पर उन्हें टी20 टीम से बाहर कर दिया है। मफाका को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक दिसंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ए टीम में भी शामिल किया गया था। चोट के कारण वह उस सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
तियान वान वुरेन और जेजे बैसन को मिला मौका
![]()
दक्षिण अफ्रीका ने वनडे टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर तियान वान वुरेन को शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में नाइट्स का प्रतिनिधित्व करने वाले वान वुरेन बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने अब तक 26 लिस्ट ए मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनका बल्लेबाजी औसत 25.57 रहा है। टी20 टीम में 18 वर्षीय जेजे बैसन को पहली बार मौका दिया गया है। लायंस के लिए खेलने वाले बैसन बल्लेबाजी के साथ बाएं हाथ से मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने छह टी20 मुकाबलों में पांच विकेट हासिल किए हैं।
इसके अलावा इथन बॉश की भी टी20 टीम में वापसी हुई है। बॉश दक्षिण अफ्रीका के लिए तीन वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच इसी साल सितंबर में खेला था।
केशव महाराज और ब्योर्न फोर्टुइन करेंगे कप्तानी
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी केशव महाराज करेंगे। वहीं, टी20 सीरीज के लिए ब्योर्न फोर्टुइन को कप्तान बनाया गया है। अनुभवी गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में नए खिलाड़ियों के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका रहेगा।
बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की अपडेटेड वनडे टीम
केशव महाराज (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, कॉर्बिन बॉश, तियान वान वुरेन, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोर्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, जॉर्डन हरमन, डुआन जानसन, नकोबानी मोकोएना, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, सिनेथेम्बा केशिले और ट्रिस्टन स्टब्स।
बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की अपडेटेड टी20 टीम
ब्योर्न फोर्टुइन (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, इथन बॉश, कॉनर एस्टरहुइजन, डोनोवन फरेरा, जॉर्डन हरमन, डुआन जानसन, जेजे बैसन, नकोबानी मोकोएना, नकाबा पीटर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, सिनेथेम्बा केशिले, ट्रिस्टन स्टब्स और प्रेनेलन सुब्रायेन।











