इमरान खान ने कहा कि जेल में उन्हें और पत्नी बुशरा बीबी को मानसिक और कानूनी रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आर्मी चीफ असीम मुनीर को जिम्मेदार ठहराते हुए देशव्यापी विरोध की चेतावनी दी है।
Pakistan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें या उनकी पत्नी बुशरा बीबी को जेल में कुछ होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर पर होगी। इमरान ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनकी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने अपने समर्थकों से फासीवादी शासन के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करने की अपील की है।
जेल से सामने आया इमरान खान का भावनात्मक संदेश
पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद इमरान खान ने एक बार फिर अपनी स्थिति को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बार उन्होंने सीधे पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को निशाने पर लिया है। उनकी बहन अलीमा खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इमरान खान का संदेश जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुँचाया।
"अगर हमें कुछ होता है, तो जिम्मेदार होंगे असीम मुनीर"
इमरान खान ने कहा कि अगर जेल में उन्हें या उनकी पत्नी को कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि असीम मुनीर के निर्देश पर यह अमानवीय व्यवहार हो रहा है। उन्होंने अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) को निर्देश दिया है कि वे इस अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं और किसी भी स्थिति में चुप न बैठें।
बुशरा बीबी को निशाना बनाने का आरोप
इमरान खान का दावा है कि असीम मुनीर शुरू से ही उनकी पत्नी बुशरा बीबी को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब असीम मुनीर को ISI प्रमुख के पद से हटाया गया था, तब उन्होंने पीटीआई नेता जुल्फी बुखारी के माध्यम से बुशरा बीबी से मिलने की कोशिश की थी। लेकिन बुशरा ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।
“अत्याचार सहूंगा, लेकिन झुकूंगा नहीं”- इमरान
उन्होंने कहा कि वह जेल में अपना पूरा जीवन बिताने के लिए तैयार हैं, लेकिन फासीवाद और अन्याय के आगे झुकने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल उनके व्यक्तिगत अस्तित्व की नहीं, बल्कि पाकिस्तान के लोकतंत्र और जन अधिकारों की है। अब संवाद का समय खत्म हो चुका है। अब केवल एक देशव्यापी आंदोलन ही समाधान है। उन्होंने PTI कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों को दरकिनार कर एकजुट होकर इस दमनकारी शासन के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
मरियम नवाज और मोहसिन नकवी पर भी निशाना
इमरान खान ने पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी PML-N की नेता मरियम नवाज और गृह मंत्री मोहसिन नकवी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने पंजाब में पिछले दो वर्षों से दमन और अत्याचार का माहौल बना रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के नाम पर आम नागरिकों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है और प्रशासन को विपक्ष के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।