प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय उपलब्धियां, युवा नवाचार, कृषि उत्पादन और खेल क्षेत्र में भारत की प्रगति का जिक्र किया और Vocal For Local अपनाने की अपील की।
Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों को अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए संबोधित किया। यह कार्यक्रम का 128वां एपिसोड था। पीएम मोदी ने नवंबर के महीने में देश में हुई कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों और घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' पर सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई।
पीएम मोदी ने 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा के आरोहण का जिक्र किया। इसी दिन कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक का लोकार्पण भी हुआ। प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी लीप इंजन MRO facility का उद्घाटन करने का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि Aircrafts की Maintenance, Repair और Overhaul के क्षेत्र में भारत ने यह बड़ा कदम उठाया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और नवाचार के क्षेत्र में उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले हफ्ते मुंबई में INS 'माहे' को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। इसके अलावा भारत के Space Ecosystem को Skyroot के Infinity Campus ने नई उड़ान दी। पीएम मोदी ने इसे भारत की नई सोच, Innovation और Youth Power का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की में इन क्षेत्रों की बड़ी भूमिका है और ये उपलब्धियां भारत की युवा शक्ति और तकनीकी कौशल को दर्शाती हैं।
कृषि क्षेत्र में नई उपलब्धि
पीएम मोदी ने कृषि क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने 357 मिलियन टन के खाद्यान्न उत्पादन के साथ ऐतिहासिक Record बनाया है। 10 साल पहले की तुलना में खाद्यान्न उत्पादन में 100 मिलियन टन की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने इसे भारतीय किसानों की मेहनत और देश की कृषि नीतियों की सफलता का परिणाम बताया।
खेल और खेल संस्कृति में भारत की सफलता
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल की दुनिया में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी की जानकारी साझा की। पीएम मोदी ने कहा कि ये उपलब्धियां देश की हैं, देशवासियों की हैं और 'मन की बात' कार्यक्रम जनता के सामूहिक प्रयासों और उपलब्धियों को उजागर करने का एक बेहतरीन मंच है।
Gen-Z और ड्रोन प्रतियोगिता का उदाहरण
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो का उल्लेख किया, जिसमें ISRO की अनोखी ड्रोन प्रतियोगिता दिखाई गई। इस वीडियो में युवाओं और खासकर Gen-Z ने मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि इन ड्रोन में GPS का सपोर्ट नहीं था। इसका मतलब था कि ड्रोन को अपने कैमरे और Inbuilt Software के सहारे उड़ना था, पैटर्न पहचानना था और सुरक्षित उतरने का रास्ता खुद ढूंढना था।
पीएम मोदी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पुणे की एक टीम ने कई बार प्रयास किया। उनके ड्रोन कई बार गिरा, Crash हुआ, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। कई प्रयासों के बाद उनका ड्रोन मंगल जैसी परिस्थितियों में कुछ देर उड़ने में सफल रहा। प्रधानमंत्री ने इसे युवाओं के हौसले और धैर्य का उदाहरण बताया।
Vocal For Local का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से बार-बार 'Vocal For Local' के मंत्र को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व के नेताओं को दिए गए उपहारों में भी इस भावना का ध्यान रखा गया। पीएम मोदी ने इसे भारत की स्थानीय उत्पाद और संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Blind Cricket महिला टीम की सराहना
पीएम मोदी ने Blind Cricket World Cup जीतने वाली महिला टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस टीम ने बिना एक भी मैच हारे टूर्नामेंट जीता। प्रधानमंत्री ने इस टीम से प्रधानमंत्री निवास पर मुलाकात की और उनके हौसले और जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विजय हमारे खेल इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक है और यह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।









