ऑपरेशन सिंदूर: पीओके में भारत की कार्रवाई पर पूर्व वायुसेना प्रमुख ने किया बड़ा खुलासा

ऑपरेशन सिंदूर: पीओके में भारत की कार्रवाई पर पूर्व वायुसेना प्रमुख ने किया बड़ा खुलासा

भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल (सेवानिवृत्त) वीआर चौधरी ने मंगलवार को बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जब पाकिस्तान ने भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों पर हमला किया, तो भारतीय वायुसेना ने भी करारा जवाब देते हुए उसके सबसे अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के सैन्य हमलों का न केवल साहसिक जवाब दिया, बल्कि पाकिस्तान के सबसे अहम ठिकानों को निशाना बनाकर यह संदेश भी दिया कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। इस घटना को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम से जाना जाता है, जिसे लेकर पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (सेवानिवृत्त) वी. आर. चौधरी ने महत्वपूर्ण खुलासे किए।

ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि

एयर चीफ मार्शल चौधरी ने बताया कि अप्रैल में पहलगाम हमला के बाद भारत सरकार ने आतंकवादी शिविरों को नष्ट करने के लिए पाकिस्तान के अंदरूनी इलाकों में साहसिक और निर्णायक कार्रवाई का निर्णय लिया। यह अभियान केवल वायुसेना तक सीमित नहीं था, बल्कि भारतीय थल सेना और नौसेना की संयुक्त योजना का परिणाम था।

चौधरी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों की एकीकृत और सामरिक क्षमता का उदाहरण था। इस दौरान पाकिस्तान ने भारतीय ठिकानों और नागरिक लक्ष्यों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, लेकिन भारत की एकीकृत हवाई रक्षा प्रणाली ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया।

पीओके में 9 आतंकवादी शिविरों पर हमला

पूर्व वायुसेना प्रमुख ने बताया कि 7 मई को भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 9 आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया। इनमें से प्रमुख शिविर बहावलपुर और मुर्दिके थे, जिन पर मुख्य रूप से भारतीय वायुसेना ने हमला किया। चौधरी ने कहा कि यह पहली बार था जब भारत इतनी गहराई में जाकर सटीक हमले कर रहा था। 

इन हमलों का उद्देश्य केवल प्रतिशोध नहीं, बल्कि आतंकवाद को जड़ से समाप्त करना था। उन्होंने यह भी बताया कि भारत ने इन हमलों के दौरान किसी भी प्रकार की हताहतियों से बचने के लिए बेहद सावधानी बरती।

पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई और भारतीय रक्षा प्रणाली की सफलता

पूर्व प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय ठिकानों और नागरिक क्षेत्रों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। उधमपुर के कुछ अस्पतालों को भी निशाना बनाया गया। लेकिन भारत की एडवांस एकीकृत हवाई रक्षा प्रणाली ने हर हमले को नाकाम कर दिया। एयर चीफ मार्शल ने कहा,

'हमने भारत पर दागे गए हर ड्रोन और मिसाइल को मार गिराया। हमारे ठिकानों और नागरिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ। जब स्थिति थोड़ी बेकाबू हो रही थी, तो हमें उनकी उन ठिकानों पर हमला करना पड़ा, जहां से उनके विमान और ड्रोन उड़ान भरते थे।'

चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को चार दिन चले सैन्य संघर्ष के बाद अंततः घुटने टेकने पड़े। भारतीय सशस्त्र बलों की करारी जवाबी कार्रवाई और रणनीतिक हमलों ने पाकिस्तान को पीछे हटने पर मजबूर किया।

Leave a comment