ऑपरेशन सिंदूर पर पृथ्वीराज चव्हाण का बयान बना अंतरराष्ट्रीय विवाद, पाकिस्तान में जमकर हो रहा प्रचार

ऑपरेशन सिंदूर पर पृथ्वीराज चव्हाण का बयान बना अंतरराष्ट्रीय विवाद, पाकिस्तान में जमकर हो रहा प्रचार

कांग्रेस नेता के हालिया बयान ने हर किसी को हैरान कर दिया है और भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण के इस बयान की जबरदस्त चर्चा हो रही है।

नई दिल्ली: भारत के एक सैन्य अभियान को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का बयान इन दिनों भारत से ज्यादा पाकिस्तान में चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर दिए गए उनके बयान को पाकिस्तानी मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स भारत की कथित “स्वीकृत हार” के तौर पर पेश कर रहे हैं। इस बयान के बाद भारत के राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

क्या है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विवादित बयान?

पुणे में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पृथ्वीराज चव्हाण ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसे कई लोग आत्मघाती राजनीतिक टिप्पणी मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में भारत पहले ही दिन हार गया था। चव्हाण के अनुसार, 7 तारीख को करीब आधे घंटे तक चले कथित हवाई संघर्ष में भारत को नुकसान उठाना पड़ा। 

उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय वायुसेना के विमान गिराए गए और हालात ऐसे हो गए कि एयर फोर्स को पूरी तरह जमीन पर रोकना पड़ा। उनके शब्दों में, “अगर बठिंडा, सिरसा या ग्वालियर से कोई विमान उड़ान भरता, तो पाकिस्तान उसे मार गिरा सकता था।

भारत में आलोचना, पाकिस्तान में जश्न

पृथ्वीराज चव्हाण के इस बयान को लेकर भारत में तीखी आलोचना हो रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न सिर्फ सशस्त्र बलों का मनोबल गिराती हैं, बल्कि दुश्मन देश के प्रोपेगेंडा को भी बल देती हैं। वहीं पाकिस्तान में इस बयान को “डूबते को तिनके का सहारा” की तरह पेश किया जा रहा है। पाकिस्तानी मीडिया इसे इस रूप में दिखा रहा है कि भारत के एक बड़े विपक्षी नेता ने स्वयं भारत की हार स्वीकार कर ली है।

पाकिस्तान की कई मीडिया वेबसाइट्स और अखबारों ने पृथ्वीराज चव्हाण के बयान को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। Pakistan Connect नामक वेबसाइट ने लिखा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद माना है कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले दिन भारत को पूरी तरह हार का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत लंबे समय से इस बात से इनकार करता रहा है कि उसके किसी भी लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तानी मीडिया ने चव्हाण के बयान को कोट करते हुए दावा किया कि भारतीय वायुसेना उड़ान भरने की स्थिति में नहीं थी।

मीडिया ने भी दी प्रमुखता

पाकिस्तान के प्रतिष्ठित अखबार ने भी इस बयान को कवर किया। डॉन की रिपोर्ट में कहा गया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की टिप्पणियों के बाद भारत में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। लिखा कि चव्हाण ने मराठी भाषा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भविष्य की जंगों को “हवाई युद्ध” बताया और बड़ी सैन्य क्षमताओं पर सवाल उठाए। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन पर तीखा हमला बोला।

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील विषयों पर सार्वजनिक मंच से दिए गए बयान का असर केवल घरेलू राजनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उसका दुरुपयोग हो सकता है।

 

Leave a comment