प्रतापगढ़ में 1015 बीघा सरकारी जमीन के 87 मामलों में अनियमितताएं सामने आई हैं। कलेक्टर की रिपोर्ट में भू-माफिया और प्रभावशाली लोगों की भूमिका उजागर हुई है। राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है।
Rajasthan: प्रतापगढ़ जिले में सरकारी जमीनों के आवंटन को लेकर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट में बताया गया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1015 बीघा राजकीय भूमि के 87 मामलों में नियमों का खुला उल्लंघन किया गया।
जांच में सामने आया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और बायपास से सटी कीमती जमीनें कामदारों और डमी काश्तकारों के नाम पर आवंटित की गईं। बाद में इन्हीं जमीनों को निजी कॉलोनियों और व्यावसायिक उपयोग में बदल दिया गया। इससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ।
सरकारी अभियानों का गलत इस्तेमाल
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि 'प्रशासन गांवों के संग अभियान' और 'प्रशासन शहरों के संग अभियान 2021-२२' का दुरुपयोग किया गया। इन अभियानों के तहत नियमों को दरकिनार कर जमीनों का आवंटन किया गया।
अब प्रशासन राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 और कृषि भूमि आवंटन नियम 1970 के तहत इन मामलों की समीक्षा कर रहा है। कई आवंटनों को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राकृतिक नालों से जुड़ी गड़बड़ियां
नगर परिषद प्रतापगढ़ क्षेत्र में भी अवैध पट्टों और निलामी से जुड़े मामले सामने आए हैं। आरोप है कि प्रभावशाली लोगों ने अपने और परिचितों के नाम पर भूखंड हासिल किए और बाद में असली लाभार्थियों को सौंप दिए।
इसके अलावा शहर के बीच से गुजरने वाले एक प्राकृतिक नाले को ढककर उस पर निर्माण कर दिया गया। नाला भूमि पर बनाए गए तीन आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की निलामी बाद में निरस्त की गई। मानपुरा क्षेत्र में जारी 31 अवैध पट्टों को भी रद्द कर दिया गया है।
आगे की कार्रवाई
राजस्थान पुलिस की विशेष शाखा की रिपोर्ट में भी कुछ पार्षदों, स्थानीय व्यवसायियों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका का उल्लेख किया गया है। यह रिपोर्ट मुख्य सचिव को भेजी गई है। कुछ लोगों द्वारा वर्तमान में किसी पद पर न होते हुए भी खुद को पार्षद या सभापति बताकर सोशल मीडिया पर प्रभाव दिखाने का मामला भी सामने आया है। इस पर कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है।
भूमि लेनदेन से जुड़े दबाव के कारण समाजसेवी मुस्तफा बोहरा की आत्महत्या के मामले ने इस पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है। जांच में लापरवाही और उच्च न्यायालय की गाइडलाइंस का पालन न होने के आरोप भी लगे हैं। कलेक्टर की रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उच्च स्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दोषियों के खिलाफ कब और क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।











