रायपुर के खमतराई इलाके में पुलिस ने एक यार्ड से करीब 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त किया। लंबे समय से अवैध भंडारण की शिकायत मिल रही थी। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, रिपोर्ट के बाद कानूनी कार्रवाई होगी।
Chhattisgarh: राजधानी रायपुर में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बुधवार को खमतराई थाना क्षेत्र के एक यार्ड में छापा मारा। यहां भारी मात्रा में गुटखा डंप कर रखा गया था। जब्त किए गए गुटखे की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस को पिछले कई दिनों से इस इलाके में अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और खमतराई थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से यार्ड में दबिश दी और वहां से बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद कर लिया।
गुटखा असली या नकली
![]()
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस संबंध में फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। फूड सेफ्टी टीम ने गुटखे के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गुटखा स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप है या नहीं। यदि उत्पाद में किसी प्रकार की मिलावट या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गुटखा कहां से लाया गया और किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के बाद पुलिस गोदाम संचालक से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध भंडारण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शहर में अवैध गुटखा कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।











