Q3 नतीजों से पहले Axis Direct की रिपोर्ट में IT सेक्टर में सीमित ग्रोथ और Telecom सेक्टर में मजबूती का अनुमान लगाया गया है। ब्रोकरेज ने चुनिंदा IT शेयरों में सावधानी और Airtel जैसे स्टॉक्स में दम बताया है।
Q3 Result: वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही यानी Q3 Results से पहले निवेशकों की नजर चुनिंदा शेयरों पर टिक गई है। इसी बीच ब्रोकरेज फर्म Axis Direct ने अपनी नई रिपोर्ट जारी की है, जिसमें IT और Telecom सेक्टर को लेकर आउटलुक बताया गया है। रिपोर्ट में यह साफ किया गया है कि किन शेयरों में दम दिख सकता है और किन स्टॉक्स में फिलहाल सावधानी बरतना बेहतर रहेगा।
IT सेक्टर की सुस्त तस्वीर
Axis Direct की रिपोर्ट के मुताबिक IT Services सेक्टर में Q3FY26 के दौरान तेज ग्रोथ की उम्मीद कम है। इसकी सबसे बड़ी वजह काम की मांग में अभी ठोस सुधार न होना है। अमेरिका और यूरोप जैसे बड़े बाजारों में आर्थिक हालात पूरी तरह साफ नहीं हैं, जिस कारण वहां की कंपनियां IT पर खर्च करने से बच रही हैं।
इसके अलावा अमेरिका की तरफ से लगाए गए टैरिफ और वैश्विक स्तर पर जारी ट्रेड टेंशन ने भी IT सेक्टर पर दबाव बढ़ाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते कुछ समय से कई ग्लोबल कंपनियां अपने IT बजट में कटौती कर रही हैं और खर्च को नियंत्रित करने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।
खर्च घटाने पर कंपनियों का फोकस
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बड़ी कंपनियां फिलहाल नए और बड़े प्रोजेक्ट शुरू करने के बजाय कॉस्ट कटिंग पर जोर दे रही हैं। कंपनियां कम खर्च वाली डील्स कर रही हैं, कम वेंडर्स के साथ काम कर रही हैं और कर्मचारियों से जुड़े खर्चों को भी सीमित कर रही हैं।
इसका सीधा असर IT कंपनियों की रेवेन्यू ग्रोथ पर पड़ रहा है। हालांकि नए प्रोजेक्ट्स को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन उनसे तुरंत बड़ी कमाई होने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।
कुछ सेक्टरों से मिल सकता है सहारा
Axis Direct के मुताबिक सभी सेक्टरों में हालात एक जैसे नहीं हैं। BFSI, High-Tech और Healthcare जैसे सेक्टरों से IT कंपनियों को तिमाही आधार पर ठीक-ठाक ग्रोथ मिल सकती है। इन सेक्टरों में डिजिटल जरूरतें बनी हुई हैं, जिससे IT सर्विस प्रोवाइडर्स को काम मिल रहा है।
वहीं Manufacturing, Retail और अन्य सेक्टरों में ग्रोथ मध्यम रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि डील विनिंग की रफ्तार अब भी बनी हुई है, जिससे IT कंपनियों को सपोर्ट मिल सकता है। इन डील्स का पूरा असर धीरे-धीरे दिखेगा और इससे मौसमी कमजोरी का असर कुछ हद तक कम हो सकता है।
आगे सुधर सकता है IT सेक्टर
Axis Direct का मानना है कि IT सेक्टर के लिए असली सुधार वित्त वर्ष 2026-27 में देखने को मिल सकता है। मांग में सुधार, वैश्विक आर्थिक हालात का स्थिर होना, IT बजट में बढ़ोतरी और नई डील्स का पूरा असर आने वाले समय में सेक्टर को मजबूती दे सकता है।
इसके अलावा Project Execution में सुधार और Resources के बेहतर इस्तेमाल से भी कंपनियों को फायदा मिल सकता है। रिपोर्ट में खास तौर पर Generative AI, Cloud, IT Modernisation और Digital Transformation जैसी नई टेक्नोलॉजी को भविष्य की ग्रोथ का बड़ा जरिया बताया गया है।
रेवेन्यू ग्रोथ पर क्या अनुमान
Axis Direct की रिपोर्ट के अनुसार Q3FY26 में IT कंपनियों की कमाई में ज्यादा तेज उछाल देखने को नहीं मिलेगा। डॉलर टर्म्स में रेवेन्यू ग्रोथ 0 से 2 फीसदी के बीच रह सकती है। रुपये में देखें तो यह बढ़त 1 से 4 फीसदी तक हो सकती है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रुपये की स्थिति और कुछ पुराने सौदों से कंपनियों को थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि कर्मचारियों की सैलरी बढ़ने और छुट्टियों जैसे फैक्टर्स के बावजूद कंपनियों का ऑपरेटिंग मार्जिन लगभग पहले जैसा ही बने रहने की उम्मीद है।
बड़ी और मझोली कंपनियों की स्थिति
रिपोर्ट के मुताबिक टियर-1 यानी बड़ी IT कंपनियों में इस तिमाही हल्की ग्रोथ देखने को मिल सकती है। वहीं टियर-2 यानी मझोली और छोटी IT कंपनियां इस बार भी बड़ी कंपनियों से बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।
Axis Direct का कहना है कि मौजूदा समय में IT शेयरों के वैल्यूएशन पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक नजर आ रहे हैं। ऐसे में मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों में निवेश के मौके बन सकते हैं।
Telecom सेक्टर का मजबूत आउटलुक
Axis Direct की रिपोर्ट में Telecom सेक्टर को लेकर पॉजिटिव रुख दिखाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार Bharti Airtel और Reliance Jio लगातार नए ग्राहक जोड़ रही हैं और उनका Market Share बढ़ रहा है।
5G Network का विस्तार, मोबाइल प्लान्स की कीमतों में बढ़ोतरी, दूसरे बिजनेस से मिलने वाला सपोर्ट और मजबूत कमाई इन कंपनियों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। हालांकि कुछ कमजोर Telecom कंपनियों पर कर्ज और सरकारी नियमों का दबाव बना हुआ है, लेकिन पूरे सेक्टर की स्थिति आने वाले समय में बेहतर रहने की उम्मीद जताई गई है।
Airtel की कमाई पर अनुमान
Axis Direct का अनुमान है कि Q3FY26 में Bharti Airtel की कमाई पिछली तिमाही के मुकाबले करीब 3.5 फीसदी बढ़ सकती है। सालाना आधार पर कंपनी की आय में लगभग 20 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिल सकती है।
मुनाफे की बात करें तो रिपोर्ट के मुताबिक Airtel का मार्जिन ज्यादा बदलाव के बिना लगभग स्थिर बना रह सकता है। मजबूत ग्राहक आधार और बेहतर नेटवर्क कंपनी को सपोर्ट दे रहे हैं।
नतीजों में किन बातों पर नजर
रिपोर्ट में निवेशकों को सलाह दी गई है कि IT और Telecom कंपनियों के नतीजे देखते समय कुछ अहम फैक्टर्स पर ध्यान दें। इनमें ग्राहकों का खर्च करने का रुझान, अलग-अलग सेक्टरों की मांग, नई डील्स की रफ्तार, AI से जुड़े प्रोजेक्ट्स, रुपये और डॉलर का असर, काम करने के तरीकों में बदलाव, मोबाइल प्लान की कीमतें और नए ग्राहकों की संख्या शामिल हैं।
Axis Direct के टॉप स्टॉक पिक्स
Axis Direct की रिपोर्ट के मुताबिक LTIMindtree, HCL Tech, Affle 3i, Persistent Systems, Coforge और Bharti Airtel जैसे शेयरों के नतीजे बेहतर रहने की संभावना है। वहीं Zensar Technologies, Wipro और Cyient को लेकर ब्रोकरेज ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। रिपोर्ट का मानना है कि इन कंपनियों के नतीजों में अपेक्षाकृत दबाव देखने को मिल सकता है।












