Pune

राजनाथ सिंह का पटना में सियासी ऐलान: नीतीश ही बने रहेंगे बिहार के सीएम? लालू यादव पर साधा निशाना

राजनाथ सिंह का पटना में सियासी ऐलान: नीतीश ही बने रहेंगे बिहार के सीएम? लालू यादव पर साधा निशाना

जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, सियासी हलचल तेज होती जा रही है। राजधानी पटना में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कर दिया कि आगामी चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर लाया है और अब इसे कोई फिर से पीछे नहीं धकेल सकता।

राजनाथ सिंह ने कहा, चाहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हों या डिप्टी सीएम, एनडीए के किसी भी नेता के दामन पर एक भी दाग नहीं है। कोई माई का लाल ये साबित नहीं कर सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार का चुनाव न जाति के नाम पर लड़ा जाएगा और न ही वंशवाद के नाम पर। चुनाव सिर्फ विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दों पर होगा।

लालू-राजद और कांग्रेस पर सीधा वार

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जो हालत पहले थी, वह इन दोनों दलों की देन है। आरजेडी और कांग्रेस ने बिहार को जंगलराज, जातिवाद और भ्रष्टाचार की गर्त में धकेला था। उन्होंने दावा किया कि लालू-राज के दौर में न कानून का राज था, न महिलाओं की सुरक्षा, और न ही विकास की कोई दिशा थी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अब वो अंधेरा बीता हुआ कल है। बिहार अब विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, जो लोग कल तक बिहार को गर्त में ले गए, आज वही लोग विकास की बात कर रहे हैं। लेकिन जनता सब जानती है और इस बार जवाब भी देगी।

कर्पूरी ठाकुर के नाम पर राजनीति नहीं

राजनाथ सिंह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर का नाम लेते हुए आरजेडी पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी कर्पूरी जी के खिलाफ अपशब्द बोलते थे, आज उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। लालू यादव ने कभी कर्पूरी जी को अपनी जीप तक में बैठने नहीं दिया, आज उनके नाम पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं, उन्होंने कहा।

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि अगर किसी ने कर्पूरी ठाकुर को सच्चा सम्मान दिया है, तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी जी की विचारधारा को अगर कोई सही मायनों में आगे बढ़ा सकता है, तो वह केवल एनडीए ही है।

Leave a comment