बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण (सरेंडर) किया था। तब से वह न्यायिक हिरासत में हैं और अभी तक उन्हें जमानत नहीं मिली है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस केस को लेकर चर्चा में हैं। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए उनकी सजा पर रोक की समय-सीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया और उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।
तब से उनके दिन-रात जेल में ही गुजर रहे हैं और फिलहाल उन्हें इस मामले में कोई राहत नहीं मिली है। इस बीच बॉलीवुड के कई बड़े सितारे उनकी कानूनी मदद के लिए आगे आए हैं, जबकि परिवार भी लगातार कोशिशों में जुटा हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा है, जिसमें अदालत ने पहले दी गई राहत की समयसीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने सजा पर रोक बढ़ाने से मना करते हुए राजपाल यादव को सरेंडर करने का निर्देश दिया। अदालत के आदेश का पालन करते हुए अभिनेता ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया।
इस फैसले के बाद से वह न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में हैं। सोमवार को मामले पर दोबारा सुनवाई होनी है, जिसमें जमानत याचिका पर निर्णय लिया जा सकता है।
![]()
जमानत को लेकर फैली अफवाहें
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि राजपाल यादव को जमानत मिल गई है। हालांकि, उनकी पत्नी राधा यादव ने इन खबरों को गलत बताते हुए साफ किया कि अभिनेता अब भी जेल में हैं और जमानत मिलने तक वहीं रहेंगे। मीडिया से बातचीत में राधा यादव ने कहा, “जहां तक मुझे जानकारी है, वह ठीक हैं। फिलहाल वह जेल में ही हैं और अदालत के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि इस कठिन समय में परिवार मजबूत बना हुआ है।
राजपाल यादव के मामले में फिल्म इंडस्ट्री से भी समर्थन देखने को मिला है। अभिनेता सोनू सूद और अजय देवगन सहित कई कलाकारों ने मदद के लिए आगे आने की इच्छा जताई है। हालांकि, राधा यादव ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल किसी भी आर्थिक सहायता या समर्थन के विवरण सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं।
उन्होंने कहा, “कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं। मैं सभी का धन्यवाद करती हूं, लेकिन इस समय नाम या रकम साझा करना उचित नहीं होगा।” इससे पहले भी उन्होंने न्यूज एजेंसी से कहा था कि इंडस्ट्री ने परिवार का पूरा साथ दिया है।
राजपाल यादव के मैनेजर ने भी बताया कि कई लोग स्वेच्छा से सहयोग की पेशकश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मदद सिर्फ आर्थिक रूप में ही नहीं, बल्कि कानूनी और नैतिक समर्थन के रूप में भी हो सकती है।











