राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया आत्मसमर्पण, चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी

अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। हाई कोर्ट ने मामले में कड़ी टिप्पणी की — जानें पूरा अपडेट। क्या है पूरा चेक बाउंस
राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया आत्मसमर्पण, चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी

बॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता राजपाल यादव ने करोड़ों रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया है। यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा 4 फरवरी को सरेंडर करने के आदेश के बाद उठाया गया।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया है। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 4 फरवरी तक सरेंडर करने का आदेश दिया था। सरेंडर करने के बाद राजपाल यादव एक बार फिर हाई कोर्ट में पेश हुए और राहत की मांग करते हुए कहा कि वह 25 लाख रुपये लेकर आए हैं और बाकी राशि भी जल्द चुका देंगे। हालांकि, अदालत ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि पहले सरेंडर करना अनिवार्य था और इसके बाद ही किसी तरह की राहत पर विचार किया जा सकता है।

कोर्ट की फटकार के बाद सरेंडर

दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि किसी भी तरह की राहत पर विचार केवल आत्मसमर्पण के बाद किया जाएगा। न्यायमूर्ति स्वर्णा कांता शर्मा ने कहा कि पहले राजपाल यादव को जेल अधिकारियों के समक्ष सरेंडर करना होगा, उसके बाद ही अदालत यह देखेगी कि क्या कोई राहत दी जा सकती है। अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि पहले जो भी छूट दी गई थी, वह अभिनेता के इस आश्वासन पर आधारित थी कि वह विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे और शिकायतकर्ता कंपनी को पूरा भुगतान करेंगे। हालांकि, कोर्ट के अनुसार यह वादा पूरा नहीं किया गया और अब भी करीब 9 करोड़ रुपये बकाया हैं।

हाई कोर्ट ने कहा कि राजपाल यादव ने कई बार तय समय सीमा का उल्लंघन किया। भुगतान के लिए बार-बार नई तारीखें तय की गईं, लेकिन राशि का निपटान नहीं हुआ। यहां तक कि तय किश्तों के लिए दिए गए डिमांड ड्राफ्ट में भी तकनीकी और टाइपिंग गलतियों का हवाला दिया गया, जिसे कोर्ट ने अविश्वसनीय बताते हुए खारिज कर दिया।

जून 2024 में अदालत ने उनकी सजा अस्थायी रूप से रोक दी थी ताकि वे समझौते के तहत भुगतान कर सकें, लेकिन निर्धारित अवधि में भी विवाद हल नहीं हुआ। इसके बाद अदालत ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया।

राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया आत्मसमर्पण, चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी

4 फरवरी को सरेंडर क्यों नहीं किया?

5 फरवरी को राजपाल यादव अपने वकील के साथ हाई कोर्ट पहुंचे। बचाव पक्ष ने दलील दी कि अभिनेता 4 फरवरी की शाम तक पैसे जुटाने में व्यस्त थे और 5 बजे दिल्ली पहुंचे, इसलिए तिहाड़ जेल अधीक्षक के सामने समय पर सरेंडर नहीं कर सके। वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि उनकी याचिका को दया याचिका के रूप में माना जाए और सरेंडर आदेश को वापस लिया जाए ताकि वे शेष राशि की व्यवस्था कर सकें।

हालांकि, कोर्ट ने इस तर्क को अस्वीकार कर दिया। न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा कि सरेंडर के आदेश का पालन करने में कोई कानूनी बाधा नहीं थी और इसे टालना न्यायिक प्रक्रिया के प्रति अनादर दर्शाता है। उन्होंने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा, “जो लोग कानून का सम्मान नहीं करते, उन्हें कानून से किसी तरह की रियायत की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।”

क्या है पूरा चेक बाउंस मामला?

यह मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने निर्देशक के रूप में फिल्म “अता पता लापता” बनाई थी। इसके लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और अभिनेता समय पर कर्ज नहीं चुका पाए। भुगतान में देरी के बाद उन्होंने कंपनी को कई चेक दिए, जो बाउंस हो गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ, लेकिन पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया। समय के साथ ब्याज जुड़ता गया और देनदारी बढ़कर करोड़ों में पहुंच गई।

2018 में कड़कड़डूमा अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए छह महीने की जेल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने ऊपरी अदालत में अपील की और उन्हें कई बार अस्थायी राहत मिली, लेकिन बकाया राशि का पूरा भुगतान नहीं हो सका।

Leave a comment