शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित उप प्राचार्य पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी आई है। 2023-24 और 2024-25 की डीपीसी में चयनित 11,827 उप प्राचार्यों की अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। विभाग ने सभी अधिकारियों से 24 नवंबर तक आपत्तियां आमंत्रित की हैं, जिसके बाद स्थायी वरिष्ठता सूची जारी होगी।
राजसमंद: शिक्षा विभाग ने दो वर्षों से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 11,827 उप प्राचार्यों की अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। यह सूची 26 सितंबर 2025 को आयोजित डीपीसी में चयनित अधिकारियों की यथास्थान कार्यग्रहण रिपोर्ट मिलने के बाद अंतिम रूप ली। सभी संबंधित उप प्राचार्यों को 24 नवंबर तक अपनी आपत्तियां अपने संभाग के संयुक्त निदेशक के पास जमा करानी होंगी।
इसके बाद संभागीय स्तर पर प्राप्त आपत्तियों का संकलन कर 28 नवंबर तक निदेशालय को भेजा जाएगा। विभाग निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करेगा, जिसके आधार पर प्राचार्य पदों की आगामी डीपीसी और पदोन्नति कार्यवाही आगे बढ़ेगी। इस पूरी प्रक्रिया के शुरू होने से शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रमोशनों को नई गति मिली है और हजारों अधिकारियों को राहत की उम्मीद जगी है।
प्राचार्य पदों की पदोन्नति प्रक्रिया तेज
शिक्षा विभाग में प्राचार्य पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है। अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद विभाग अब अगले चरण यानी प्राचार्य पदों की डीपीसी को अंतिम रूप देने की तैयारी में है। उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कुल 19,252 स्वीकृत प्राचार्य पदों में से 5,140 पद रिक्त हैं, जिन्हें पूरी तरह पदोन्नति के आधार पर ही भरा जाना है।
![]()
उप प्राचार्यों की वरिष्ठता स्पष्ट होने से वर्ष 2025-26 की डीपीसी में इन रिक्त पदों को भरने का मार्ग साफ होगा। इससे विभाग में लंबे समय से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
व्याख्याता डीपीसी तीन साल से लंबित
राज्य के वरिष्ठ अध्यापकों की व्याख्याता पद पर पदोन्नति प्रक्रिया तीन वर्षों से अटकी हुई है, जिससे स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विभिन्न विषयों में कुल 16,828 व्याख्याता पद रिक्त होने के कारण 11वीं और 12वीं की कक्षाओं में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। विभाग द्वारा अभी तक वरिष्ठता सूची जारी न किए जाने से संपूर्ण प्रक्रिया अधर में है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लंबित डीपीसी जल्द आयोजित हो जाए, तो उच्च माध्यमिक स्तर पर शिक्षण व्यवस्था को बड़ा सहारा मिलेगा। इससे न केवल स्कूलों में नियमित व्याख्याता उपलब्ध होंगे, बल्कि वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे वरिष्ठ अध्यापकों को भी राहत मिलेगी।
डीपीसी तेज करने की मांग
शिक्षक संगठनों ने शिक्षा विभाग से लंबित डीपीसी को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने की मांग दोहराई है। रेसटा प्रदेशाध्यक्ष मोहरिसंह सलावद ने कहा कि व्याख्याता पदों की डीपीसी में देरी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है और त्वरित निर्णय जरूरी है।
उन्होंने बताया कि यदि विभाग वरिष्ठता सूची जारी कर प्रक्रिया आगे बढ़ाए, तो तीन वर्षों की रिक्तियां जल्द भरी जा सकती हैं। इससे प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी दूर होगी और परीक्षा वर्ष में विद्यार्थियों को नियमित व योग्य व्याख्याता मिल सकेंगे।











