Xiaomi का Redmi 17C 5G भारत में 1 अक्टूबर को लॉन्च होगा। Amazon माइक्रोसाइट पर फोन के 120Hz डिस्प्ले, Dimensity 6300 चिपसेट, 50MP कैमरा और 6,000mAh बैटरी की जानकारी सामने आई है।
Tech: Xiaomi भारत में 1 अक्टूबर को Redmi 17C 5G लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट और डिजाइन टीज किया है, जबकि Amazon माइक्रोसाइट से इसके प्रमुख फीचर्स सामने आए हैं। फोन में 6.9-इंच 120Hz डिस्प्ले, MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट, 50MP रियर कैमरा और 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 6,000mAh बैटरी दी जाएगी।
1 अक्टूबर को भारत में लॉन्च होगा Redmi 17C 5G
Xiaomi ने Redmi 17C 5G की भारत में लॉन्च डेट 1 अक्टूबर तय की है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘MainCharacterEnergy’ टैगलाइन के साथ स्मार्टफोन को टीज किया है। इस दौरान फोन के रियर डिजाइन की झलक भी दिखाई गई है।

स्मार्टफोन के पीछे ऊपर बाईं ओर थोड़ा उभरा हुआ रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसमें दो कैमरा लेंस वर्टिकल पोजिशन में हैं और उनके साथ LED फ्लैश मौजूद है। भारतीय वेरिएंट में ब्लैक, ब्राउन और पर्पल कलर ऑप्शन मिलने की उम्मीद है। फ्रंट में वाटरड्रॉप-स्टाइल नॉच दिया गया है।
120Hz डिस्प्ले और Dimensity 6300 चिपसेट
Amazon पर लाइव हुई Redmi 17C 5G की माइक्रोसाइट से इसके कई प्रमुख स्पेसिफिकेशन्स की पुष्टि हुई है। फोन में 6.9-इंच का डिस्प्ले मिलेगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा।
परफॉर्मेंस के लिए स्मार्टफोन में 6nm MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है। मेमोरी एक्सटेंशन फीचर की मदद से इसमें 8GB तक रैम सपोर्ट मिलेगा। फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया जाएगा।
Redmi 17C 5G को धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP64 रेटिंग मिली है। इसमें Wet Touch Technology 2.0 भी मौजूद होगी। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन आउट ऑफ द बॉक्स Xiaomi HyperOS 3 पर चलेगा।
50MP कैमरा और 6,000mAh बैटरी
कैमरा सेटअप में Redmi 17C 5G के रियर पैनल पर 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए ग्लोबल मॉडल में 8MP का फ्रंट कैमरा f/2.0 अपर्चर के साथ मिलता है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फ्रंट कैमरा स्पेसिफिकेशन की अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है।
पावर बैकअप के लिए फोन में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी ने भारत में इसकी कीमत का खुलासा अभी नहीं किया है।
गौरतलब है कि Redmi 17C 5G को अगस्त में सिंगापुर में 4GB + 128GB कॉन्फिगरेशन के लिए SGD 279, यानी करीब 20,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। भारत में इसकी कीमत और अन्य वेरिएंट की जानकारी 1 अक्टूबर के लॉन्च के दौरान सामने आ सकती है।













