रिकॉर्ड हाई के बाद बड़ी गिरावट, Silver ETF में 20% तक टूट

सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट से Silver ETF में 18–20% टूट देखने को मिली। गोल्ड ETF भी दबाव में रहे। निवेशकों में Panic Selling और बढ़ती Volatility

सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट से Silver ETF में भारी टूट आई है। NSE पर कई सिल्वर ETF 18 से 20 प्रतिशत तक गिरे हैं। गोल्ड ETF भी दबाव में रहे, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ।

Budget 2026 STT Impact On Shares: सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट ने सोमवार को निवेशकों को चौंका दिया। जिस चांदी ने कुछ समय पहले रिकॉर्ड ऊंचाई छुई थी, वही अब रिकॉर्ड गिरावट के दौर से गुजर रही है। इस गिरावट का सीधा असर Silver ETF पर पड़ा है। NSE पर लिस्टेड HDFC, SBI, ICICI Prudential, Kotak और Axis जैसे बड़े फंड हाउस के सिल्वर ETF में 18 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने निवेशकों के सेंटीमेंट को भी गहरा झटका दिया।

सोना भी नहीं बचा दबाव से

आमतौर पर सोने को Safe Haven माना जाता है, लेकिन इस बार हालात अलग नजर आए। Gold ETF भी तेज दबाव में रहे। कई गोल्ड ETF 6 से 11 प्रतिशत तक टूट गए। MCX पर सोने की कीमत करीब 5 प्रतिशत गिरकर 1,37,390 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गई। वहीं चांदी 6 प्रतिशत टूटकर 2,49,713 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हालात बेहतर नहीं रहे। ग्लोबल मार्केट में सोना करीब 6 प्रतिशत और चांदी लगभग 12 प्रतिशत गिर गई। रिकॉर्ड ऊंचाई से तुलना करें तो सोना अब तक 13.5 प्रतिशत और चांदी करीब 32 प्रतिशत नीचे आ चुकी है।

टॉप सिल्वर ETF में कितनी गिरावट

Silver ETF में आई गिरावट ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। HDFC Silver ETF में करीब 19.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। Nippon India Silver ETF लगभग 18 प्रतिशत टूट गया। Kotak Silver ETF, ICICI Prudential Silver ETF, SBI Silver ETF और Axis Silver ETF में करीब 20 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। कुछ ही घंटों में निवेशकों का बड़ा हिस्सा मुनाफा बचाने या नुकसान सीमित करने के लिए बिकवाली करता नजर आया।

शुक्रवार से शुरू हुई बिकवाली की आंधी

इस तेज गिरावट की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। शुक्रवार को सोने में एक दशक से ज्यादा की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं चांदी में अब तक की सबसे बड़ी सिंगल डे गिरावट देखने को मिली थी। वही ट्रेंड सोमवार को भी जारी रहा और ETF में दबाव और गहराता चला गया। बाजार में डर का माहौल बन गया, जिससे Panic Selling तेज हो गई।

अमेरिका से आई खबर ने बढ़ाई बेचैनी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गिरावट की चिंगारी अमेरिका से आई एक खबर के बाद भड़की। खबर थी कि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप फेडरल रिजर्व के प्रमुख पद के लिए केविन वार्श को नामित कर सकते हैं। इस संभावित बदलाव ने वैश्विक फाइनेंशियल मार्केट में अनिश्चितता बढ़ा दी। डॉलर, बॉन्ड यील्ड और कमोडिटी मार्केट में एक साथ हलचल देखने को मिली। इसका सीधा असर गोल्ड और सिल्वर जैसी कीमती धातुओं पर पड़ा।

नितिन कामथ की चेतावनी ने बढ़ाई चिंता

Zerodha के Founder और CEO नितिन कामथ ने इस गिरावट को बेहद दुर्लभ घटना बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में बाजार इतनी तेजी से टूटता है कि जोखिम संभालना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई मामलों में ट्रेडर्स का नुकसान उनकी जमा पूंजी से भी ज्यादा हो सकता है। उन्होंने अपने 16 साल के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा हाल उन्होंने सिर्फ एक बार पहले देखा था, जब कोविड के दौरान कच्चे तेल की कीमतें शून्य से नीचे चली गई थीं। उनकी यह चेतावनी निवेशकों के लिए आंख खोलने वाली मानी जा रही है।

एक्सपर्ट्स क्यों मान रहे हैं हालात संवेदनशील

Geojit Financial Services के Senior Investment Strategist श्रीराम बी के आर का कहना है कि गोल्ड और सिल्वर ETF में आई गिरावट की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों का तेज टूटना है। उनके मुताबिक, कीमतें अभी भी ऐतिहासिक रूप से ऊंचे स्तर पर हैं और आगे का रास्ता पूरी तरह साफ नहीं है। बाजार में Volatility बहुत ज्यादा है, जिससे छोटे निवेशकों के लिए जोखिम बढ़ गया है।

Leave a comment