रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) एक बार फिर अपने बड़े ग्रीन एनर्जी विज़न को लेकर चर्चा में है। कंपनी अब बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के लिए जरूरी कंपोनेंट्स और टेक्नोलॉजी हासिल करने के लिए चीन की दिग्गज बैटरी निर्माता कंपनी CATL सहित कई वैश्विक सप्लायर्स के साथ बातचीत कर रही है।
बिजनेस न्यूज़: देश की सबसे बड़ी कंपनी Reliance Industries अब रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के लिए जरूरी पुर्जों की आपूर्ति को लेकर Contemporary Amperex Technology Co. Limited और अन्य वैश्विक सप्लायर्स के साथ बातचीत कर रही है। इसके लिए कंपनी ने चीन का रुख किया है।
रिलायंस का फोकस ग्रीन एनर्जी पर तेज
![]()
मुकेश अंबानी के नेतृत्व में रिलायंस इंडस्ट्रीज पिछले कुछ वर्षों से पारंपरिक तेल-गैस कारोबार के साथ-साथ रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है। कंपनी का लक्ष्य भारत के ऊर्जा ट्रांजिशन में प्रमुख भूमिका निभाना है। सूत्रों के अनुसार, रिलायंस अब बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए आवश्यक पुर्जों की आपूर्ति को मजबूत करने के लिए चीन और अन्य वैश्विक सप्लायर्स की ओर रुख कर रही है।
CATL (Contemporary Amperex Technology Co. Limited) दुनिया की सबसे बड़ी लिथियम-आयन बैटरी निर्माता कंपनियों में से एक है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों और एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए उन्नत बैटरी तकनीक उपलब्ध कराती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस और CATL के बीच बातचीत इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि, चीन बैटरी टेक्नोलॉजी के निर्यात पर सख्ती बढ़ा रहा है।
वैश्विक सप्लाई चेन में लगातार बाधाएं आ रही हैं. रिलायंस को अपने जामनगर प्रोजेक्ट के लिए स्थिर सप्लाई की जरूरत है. सूत्रों के अनुसार, रिलायंस को पहले से जुड़े कुछ सप्लायर्स से सप्लाई बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर Xiamen Hithium Energy Storage Technology Co. से मिलने वाली सप्लाई में देरी और अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण कंपनी ने वैकल्पिक वैश्विक साझेदारों की तलाश तेज कर दी है ताकि अपने प्रोजेक्ट्स में किसी तरह की रुकावट न आए।
टेक्नोलॉजी ट्रांसफर पर भी ध्यान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस सिर्फ बैटरी सेल खरीदने पर ही नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी एक्सेस और असेंबली क्षमता विकसित करने पर भी फोकस कर रही है।हालांकि, लिथियम-आयन बैटरी तकनीक के निर्यात पर चीन की सख्त नीति के कारण कंपनी को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से रिलायंस का ध्यान अब पहले से बने बैटरी सेल को असेंबल और पैक करने पर अधिक केंद्रित है।
रिलायंस गुजरात के जामनगर में देश का सबसे बड़ा बैटरी एनर्जी स्टोरेज कॉम्प्लेक्स विकसित कर रही है। यह प्रोजेक्ट भारत के ऊर्जा ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।










