रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर घमासान देखने को मिल रहा है। शो के ‘गौतम सिटी’ टास्क के दौरान एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और प्रियंका चाहर चौधरी के बीच तीखी बहस हो गई।
Rise and Fall Season 2: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ता तनाव दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। शो के एक टास्क के दौरान एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और प्रियंका चाहर चौधरी के बीच ऐसी तीखी बहस देखने को मिली, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। बहस के दौरान बात ‘तानाशाह’ और ‘चोर’ जैसे शब्दों तक पहुंच गई। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत ‘गौतम सिटी’ टास्क को लेकर हुई, जहां प्रियंका ने गौतम गुलाटी को सपोर्ट करने से इनकार कर दिया था।
‘गौतम सिटी’ टास्क में बढ़ा तनाव
‘गौतम सिटी’ टास्क को ‘अल्टीमेट रूलर’ की गद्दी तक पहुंचने के लिए अहम माना जा रहा था। इस टास्क में गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला के बीच मुकाबला था। ऐसे में गौतम की कभी दोस्त रहीं और अब उनके साथ मतभेद रखने वाली प्रियंका चाहर चौधरी के पास उन्हें समर्थन देने का विकल्प मौजूद था। हालांकि, टास्क शुरू होने के बाद प्रियंका ने गौतम का साथ देने से साफ इनकार कर दिया।
प्रियंका के इस फैसले के बाद घर का माहौल बदल गया। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें ‘राइज एंड फॉल’ से दुख हो रहा है। कायरा और निहारिका की ओर से भी गौतम के गेम को नुकसान पहुंचने के बाद स्थिति और मुश्किल हो गई। इस दौरान करण पटेल ने प्रियंका से अपना फैसला बदलने और स्विच करने की संभावना पर विचार करने को कहा, लेकिन उन्होंने अपना निर्णय नहीं बदला।
प्रियंका ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन पर गलत आरोप लगाए गए थे और वह झूठ नहीं बोलतीं। उनका कहना था कि जब उन पर आरोप लगाए जाएंगे तो उनसे समर्थन की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
प्रियंका के फैसले पर स्वरा ने उठाए सवाल

प्रियंका के फैसले से स्वरा भास्कर नाराज नजर आईं। उन्होंने ‘प्राइज पॉट’ को लेकर प्रियंका से सवाल किया। स्वरा का कहना था कि प्रियंका उनके और दूसरे कंटेस्टेंट्स के हिस्से की रकम लेकर आगे बढ़ गईं, इसलिए उन्हें अपने फैसले पर जवाब देना चाहिए। प्रियंका ने इस पर कहा कि उनके पास विकल्प मौजूद था और उन्होंने उसी के आधार पर अपना फैसला लिया। हालांकि, स्वरा इससे संतुष्ट नहीं हुईं और दोनों के बीच बहस आगे बढ़ती गई।
स्वरा ने प्रियंका पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जिन लोगों के व्यवहार पर सवाल उठाती हैं, उनका ही रवैया खुद भी अपना रही हैं। उन्होंने प्रियंका से अपना ‘मास्क’ हटाने की बात कही। प्रियंका ने जवाब में खुद को बुरा कहने की बात कही, जिसके बाद स्वरा ने भी तीखा पलटवार किया।
‘गेम से बाहर जाओ’ पर भड़कीं दोनों
जब प्रियंका ने दोबारा गेम में शामिल होने से इनकार किया तो स्वरा का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका इस तरह टूट चुकी हैं तो उन्हें गेम से बाहर चले जाना चाहिए। स्वरा ने यह भी कहा कि इस रवैये से शो, उसमें काम करने वाले लोगों और वास्तविक मेहनत करने वालों का अपमान हो रहा है।बढ़ती बहस के बीच प्रियंका ने स्वरा को ‘तानाशाह’ कह दिया।
इसके जवाब में स्वरा ने प्रियंका को ‘चोर’ कहकर पलटवार किया। इसके बाद दोनों के बीच बहस और तीखी हो गई। घर के बाकी सदस्य भी इस टकराव के बीच स्थिति को संभालते नजर आए।











