उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद एक बार फिर राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। उनकी कथित एक्स-गर्लफ्रेंड डॉ. रोहिणी घावरी ने सोशल मीडिया पर एक नया ऑडियो क्लिप जारी किया है।
Rohini Ghawari on Chandrashekhar: उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सीट से सांसद और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड बताने वाली डॉ. रोहिणी घावरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक कथित ऑडियो क्लिप जारी की, जिसने राजनीतिक हलचल मचा दी।
इस ऑडियो में दावा किया गया है कि चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती और कांशीराम को लेकर विवादित बातें की हैं। रोहिणी ने गंभीर आरोप लगाते हुए चंद्रशेखर पर बसपा के खिलाफ साजिश रचने का आरोप भी लगाया है। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस और चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
रोहिणी घावरी का दावा
डॉ. रोहिणी घावरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ऑडियो में मौजूद आवाज खुद चंद्रशेखर आजाद की है, जिसमें वे BSP सुप्रीमो मायावती और कांशीराम के रिश्ते पर विवादास्पद बातें कर रहे हैं। रोहिणी ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर ने उनसे कहा था कि मायावती उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांशीराम पर दबाव डालती थीं और कांशीराम साहब को ब्लैकमेल करती थीं।
रोहिणी का कहना है कि ऑडियो में चंद्रशेखर ने बहुजन आंदोलन को खत्म करने की साजिश का इशारा भी किया। उन्होंने फेसबुक लाइव पर समाज के सामने पूरी सच्चाई बताने की तैयारी जताई और कहा कि वे लोगों से सवाल लेने के लिए तैयार हैं। रोहिणी ने यह भी दावा किया कि ऑडियो फेक नहीं है और इसमें कोई एडिटिंग या AI जनरेशन नहीं की गई। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि जो भी व्यक्ति इस ऑडियो को फर्जी साबित कर देगा, उसे वह 1 करोड़ रुपए का इनाम देंगी।

ऑडियो क्लिप में क्या कहा गया
वायरल ऑडियो क्लिप में चंद्रशेखर और रोहिणी के बीच कथित बातचीत का अंश शामिल है। इसमें चंद्रशेखर कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि उन्हें उत्तराधिकारी बनाया जाएगा, तो वह आजाद समाज पार्टी को BSP में विलय कर देंगे। ऑडियो में वे कहते हैं कि “मायावती ने निजी स्वार्थ में भाईयों का साथ दिया और कांशीराम साहब को ब्लैकमेल किया।” वहीं रोहिणी कथित रूप से यह कहती हैं कि अगर बहनजी और चंद्रशेखर एक हो जाएं तो समाज का भला होगा।
चंद्रशेखर ऑडियो में यह भी कहते हैं कि उन्होंने तीन साल में इतना काम किया है, जितना किसी ने तीस साल में नहीं किया, और अब मायावती को मजबूर करेंगे कि वह उन्हें उत्तराधिकारी बनाए। ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है। BSP समर्थक इसे अत्यधिक विवादास्पद और अस्वीकार्य बता रहे हैं। वहीं चंद्रशेखर के समर्थक इसे फर्जी और साजिशन फैलाया गया ऑडियो करार दे रहे हैं।
डॉ. रोहिणी घावरी कौन हैं?
डॉ. रोहिणी घावरी खुद को बहुजन आंदोलन से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता और डॉक्टर बताती हैं। उन्होंने पिछले कुछ महीनों में कई बार चंद्रशेखर आजाद पर व्यक्तिगत और वैचारिक हमले किए हैं। पिछले दिनों उन्होंने दावा किया था कि चंद्रशेखर BSP विरोधी किताबें जाटव समाज में बांट रहे हैं। इनमें अमेरिका के सोनू अंबेडकर की लिखी किताब ‘कांशीराम साहब की हत्यारन’ शामिल थी।












