सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चमके संजू सैमसन, रोहन के साथ की 177 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चमके संजू सैमसन, रोहन के साथ की 177 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के पहले ही दिन रोमांच चरम पर दिखा, जब केरल के कप्तान और भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन ने ओपनर रोहन कन्नूमल के साथ मिलकर टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारियों में से एक दर्ज की। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: गुजरात के उर्विल पटेल और आर्या देसाई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले दिन सर्विसेज के खिलाफ टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी करते हुए पहले विकेट के लिए 174 रन जोड़े। इस दौरान उर्विल ने महज 31 गेंदों में शतक जड़कर अपनी टीम को आसान जीत दिलाई। हालांकि यह रिकॉर्ड ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका, क्योंकि चंद घंटों बाद केरल की ओपनिंग जोड़ी संजू सैमसन और रोहन कुन्नुमल ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अपने नाम कर लिया।

संजू–रोहन की 177 रन की नाबाद साझेदारी

ओडिशा के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में केरल को जीत के लिए 177 रनों का लक्ष्य मिला था। जवाब में संजू सैमसन और युवा बल्लेबाज रोहन कन्नूमल ने सिर्फ 101 गेंदों में टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 177 रनों की नाबाद ओपनिंग पार्टनरशिप की, जो टूर्नामेंट के ताज़ा इतिहास में एक नया कीर्तिमान बन गई।

रोहन कन्नूमल ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 60 गेंदों पर 121 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और 10 छक्के निकले, जिसने ओडिशा के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। दूसरी ओर कप्तान संजू सैमसन ने संयम भरी पारी खेलते हुए 41 गेंदों पर 51 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का जड़ा। टीम इंडिया से बाहर किए जाने के बाद संजू का यह प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में परिपक्वता दिखाते हुए स्ट्राइक रोटेशन को प्राथमिकता दी और रोहन को खुलकर खेलने दिया।

पहले दिन ही कई रिकॉर्ड टूटे

इस सीजन की शुरुआत ने साफ कर दिया कि टी20 क्रिकेट में बल्लेबाज नए-नए मानक बना रहे हैं। मुकाबले से कुछ ही घंटे पहले गुजरात के बल्लेबाज उर्विल पटेल और आर्या देसाई ने सर्विसेज के खिलाफ 174 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। लेकिन केरल की जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को उसी दिन टूटने पर मजबूर कर दिया।

इससे पहले टूर्नामेंट में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड मनन वोहरा और अर्जुन आजाद के नाम था, जिन्होंने 2023 में चंडीगढ़ के लिए 159 रन जोड़े थे। दिलचस्प बात यह है कि 2025-26 सीजन के पहले दिन ही ओपनिंग साझेदारी के रिकॉर्ड तीन बार टूटे। मेघालय के बल्लेबाज किशन लिंगदोह और अर्पित भटेवारा ने भी 157 रनों की साझेदारी कर इस सूची में नाम दर्ज कराया।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ओडिशा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बनाए। कप्तान बिप्लब सामंत्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 रन की पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। केरल की ओर से एमडी निधीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम पर शुरुआती दबाव बना दिया।

Leave a comment