आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप (RPSG Group) के चेयरपर्सन संजिव गोयनका एक बार फिर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का सामना कर रहे हैं। इस बार वजह बनी ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज महिला क्रिकेटर और सात बार की वर्ल्ड कप चैंपियन मेग लैनिंग का नाम गलत तरीके से लेना।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप के चेयरपर्सन संजिव गोयनका एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। वजह बनी ऑस्ट्रेलिया की महान बल्लेबाज मेग लैनिंग का नाम गलत बोलना। मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स (MSG) टीम के नए साइनिंग की घोषणा वाले वीडियो में गोयनका ने मेग लैनिंग को ‘मेग कैनिंग’ कह दिया।
मजेदार बात यह रही कि वीडियो के सबटाइटल में सही नाम लिखा हुआ था, लेकिन गोयनका की उच्चारण की गलती स्पष्ट रूप से सुनाई दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
टीम घोषणा वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, संजीव गोयनका ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स की पुरुष और महिला टीम के नए स्क्वॉड का ऐलान किया। यह टीम इंग्लैंड की प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर ओरिजनल्स के रीब्रांडिंग के बाद सामने आई है। वीडियो में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन महिला टीम की घोषणा के दौरान गोयनका से बड़ी चूक हो गई।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की महान कप्तान और बल्लेबाज मेग लैनिंग का नाम लेते हुए “मेग कैनिंग” कहा। हैरानी की बात यह रही कि वीडियो के सबटाइटल्स में नाम सही लिखा हुआ था, लेकिन उच्चारण की गलती साफ तौर पर सुनी जा सकती थी। यही क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और विवाद का कारण बन गई।

सिर्फ नाम ही नहीं, बयान भी बना कारण
मेग लैनिंग के नाम की गलती के अलावा, फैंस को गोयनका के कुछ अन्य बयान भी खटके। उन्होंने इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का परिचय देते हुए उन्हें “एक अच्छी स्पिनर” बताया, जबकि एक्लेस्टोन को मौजूदा दौर की दुनिया की सर्वश्रेष्ठ स्पिन गेंदबाजों में गिना जाता है। गोयनका ने वीडियो में कहा,
'महिला टीम अनुभव और युवाओं का बेहतरीन मिश्रण है। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन, 26 वर्ष, एक अच्छी स्पिनर। मेग कैनिंग, जो सात वर्ल्ड कप अभियानों का हिस्सा रही हैं…'
हालांकि उन्होंने भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की तारीफ करते हुए उन्हें “हमारी अपनी स्मृति मंधाना, एक साबितशुदा मैच विनर” कहा, लेकिन बाकी टिप्पणियों ने फैंस को नाराज कर दिया।
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आते ही ट्विटर (एक्स), इंस्टाग्राम और रेडिट पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे गैर-पेशेवर रवैया बताया। एक यूजर ने लिखा, मेग कैनिंग? ये मजाक है या गंभीर अज्ञानता? दूसरे ने कहा, खिलाड़ियों को न जानना एक बात है, लेकिन उनके नाम तक सही न लेना पूरी तरह अनप्रोफेशनल है।
एक अन्य फैन ने टिप्पणी की, “सात बार की वर्ल्ड कप चैंपियन का नाम गलत बोलना अपमानजनक है। इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फैंस इस गलती को मामूली मानने के मूड में नहीं थे।
इस ट्रोलिंग को और हवा मिली टीम के रीब्रांडिंग फैसले से। आरपीएसजी ग्रुप ने मैनचेस्टर ओरिजनल्स का नाम बदलकर मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स कर दिया और नए लोगो में हाथी को शामिल किया। फैंस ने सवाल उठाया कि हाथी, जो भारतीय पहचान से जुड़ा प्रतीक माना जाता है, इंग्लैंड और मैनचेस्टर से कैसे मेल खाता है।











