सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में खेत की खुदाई के दौरान बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिली। पुलिस ने इलाका सील कर दिया है और जांच के लिए जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है।
Rajasthan: सीकर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ी सुरक्षा चिंता सामने आई। रीको इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित एक खेत में रास्ता बनाने के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था। खुदाई जैसे-जैसे गहरी होती गई, करीब 10 फीट नीचे मिट्टी के बीच एक धातु की वस्तु दिखाई दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने जब उस वस्तु को ध्यान से देखा, तो वह बिल्कुल हैंड ग्रेनेड या बम के खोल जैसी नजर आई। यह देखते ही मजदूरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
रात करीब 11:30 बजे उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश कुमार बुडानिया पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया और लोगों की आवाजाही रोक दी।
![]()
किसी भी तरह के खतरे से बचने के लिए पुलिस ने उस गड्ढे को अस्थायी रूप से पत्थरों से ढकवा दिया, ताकि कोई व्यक्ति उसके पास न जा सके। पुलिस प्रशासन ने मौके पर सतर्कता बरतते हुए जवानों की तैनाती कर दी।
इलाका सील
थाना अधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद वस्तु वास्तव में बम है या कोई पुराना विस्फोटक खोल। यह भी जांच का विषय है कि यह वस्तु कितनी पुरानी है और वहां तक कैसे पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से आसपास के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जयपुर से बम निरोधक दस्ते और विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है, जो मौके पर पहुंचकर वस्तु की जांच करेगी।
जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जब तक विशेषज्ञ टीम जांच नहीं कर लेती, तब तक किसी को भी गड्ढे के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वस्तु विस्फोटक है या सिर्फ धातु का कोई पुराना अवशेष। यदि वस्तु खतरनाक पाई जाती है, तो उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर हटाया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।











