आज सेना दिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक खास पोस्ट में कहा कि हमारी सेना का शौर्य और पराक्रम हर देशवासी के लिए गौरव का स्रोत है।
PM Modi on Army Day: आज 15 जनवरी, 2026 को पूरे देश में सेना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के जवानों की निस्वार्थ सेवा और अद्वितीय साहस की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एक खास पोस्ट में लिखा कि हमारी सेना का शौर्य और पराक्रम हर देशवासी को गौरवान्वित करने वाला है।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे सैनिक दुर्गम इलाकों से लेकर बर्फीली चोटियों तक, हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। उन्होंने लिखा, सरहद की सुरक्षा में डटे जवानों का हृदय से अभिनंदन! पीएम मोदी ने जवानों की हिम्मत, निष्ठा और पक्के इरादों को सलाम किया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं। सबसे कठिन हालात में भी वे अपने कर्तव्य और देशभक्ति की भावना के साथ डटे रहते हैं।
उनका यह समर्पण पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता की भावना पैदा करता है। मोदी ने यह भी याद दिलाया कि देश उन शहीदों को सम्मान के साथ याद करता है जिन्होंने अपने जीवन की आहुति देकर राष्ट्र की रक्षा की।

सेना दिवस क्यों मनाया जाता है
सेना दिवस हर साल 15 जनवरी को फील्ड मार्शल के एम करियप्पा के भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बनने की याद में मनाया जाता है। करियप्पा ने 1949 में ब्रिटिश जनरल सर एफआरआर बुचर की जगह भारतीय सेना के कमांडर-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभाला था। इस दिन भारतीय सेना की उपलब्धियों, शौर्य और साहस को सम्मानित किया जाता है।
भारतीय सेना, दुनिया की सबसे बहादुर और अनुशासित सेनाओं में से एक मानी जाती है। इसकी ताकत केवल आधुनिक हथियारों या तकनीक में नहीं, बल्कि जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति में है। पीएम मोदी ने भी अपने संदेश में यही बात उजागर की कि कठिन परिस्थितियों में भी सैनिक अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
सेना दिवस के अवसर पर विभिन्न राज्यों और सशस्त्र बलों के प्रतिष्ठानों में विशेष समारोह और परेड आयोजित की जाती हैं। जवानों की शौर्य गाथाओं को याद किया जाता है और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का हर नागरिक जवानों के साहस और सेवा के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सेना न केवल सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों में भी देशवासियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है।











