शादी की खुशियों के बीच मातम, भांजी की शादी में मामा की स्टेज से उतरते ही मौत

झांसी डेली गांव में भांजी की शादी के दौरान 62 वर्षीय हरिमोहन सेन की अचानक मौत। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई।
शादी की खुशियों के बीच मातम, भांजी की शादी में मामा की स्टेज से उतरते ही मौत
Photo Credit / Attribution: AI IMAGE

झांसी के डेली गांव में शादी समारोह के दौरान 62 वर्षीय हरिमोहन सेन की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार किया।

Rajasthan: झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के डेली गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब भांजी की शादी में शामिल होने आए मामा की अचानक मौत हो गई। मृतक हरिमोहन सेन (62) शंकर सिंह के बगीचा क्षेत्र के रहने वाले थे और बड़ागांव गेट के बाहर उनकी हेयर ड्रेसर की दुकान थी।

बुधवार रात करीब 9 बजे वह अपनी भांजी प्रिंसी की शादी में शामिल होने एसआर रिसॉर्ट एंड मैरिज गार्डन पहुंचे थे। शादी के दौरान हरिमोहन स्टेज पर गए, भांजी को आशीर्वाद दिया और नीचे उतर आए। इसके बाद वह अपनी बहन को साड़ी देने के लिए पंडाल में आगे बढ़े। साड़ी उनके हाथ में ही थी।

पंडाल में कुर्सियों के पास गिरे बेहोश

बताया जा रहा है कि पंडाल में चलते समय उन्हें अचानक चक्कर आया और वह कुर्सियों के पास गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तुरंत डायल 112 पर कॉल किया गया। पुलिस की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।

शादी की खुशियों के बीच मातम, भांजी की शादी में मामा की स्टेज से उतरते ही मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद हरिमोहन सेन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके थे। इस घटना के बाद शादी की खुशियों का माहौल गम में बदल गया।

दो घंटे बाद परिजनों को मिली जानकारी

इस घटना के बाद भी कुछ समय तक शादी का कार्यक्रम चलता रहा। बताया गया कि करीब दो घंटे बाद परिजनों को फोन कर सूचना दी गई कि हरिमोहन जिला अस्पताल में हैं। जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि वहां एक अज्ञात शव लाया गया है। बाद में पहचान होने पर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों का कहना है कि अगर समय पर जानकारी मिल जाती तो स्थिति कुछ और हो सकती थी, लेकिन सब कुछ अचानक हुआ और संभलने का मौका ही नहीं मिला।

कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका

जिला अस्पताल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. प्रमोद कटियार ने बताया कि 4 फरवरी की रात एम्बुलेंस एक मरीज को लेकर आई थी, जिसे डॉक्टरों ने ब्रॉट डेड घोषित किया। शुरुआती जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम नहीं होने के कारण मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने लिखित में पोस्टमॉर्टम न कराने की सहमति दी, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और शादी समारोह में शामिल लोग अब भी सदमे में हैं।

 

Leave a comment