शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग, टोंक में बाइक हादसे में युवक की मौत

टोंक में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 32 वर्षीय सोनू विजयवर्गीय की मौत हो गई। फरवरी में शादी तय थी। परिवार का इकलौता बेटा था।

टोंक में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 32 वर्षीय सोनू विजयवर्गीय की मौत हो गई। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। वहीं जयपुर-कोटा हाईवे पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है।

Rajasthan: मेहंदवास थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मेहंदवास निवासी सोनू विजयवर्गीय (32), पुत्र स्वर्गीय भगवान विजयवर्गीय, रोज की तरह बाइक से अपने काम पर जा रहे थे। वह सुबह करीब 10 बजे अपने गांव से निकलकर पुराने बस स्टैंड के पास स्थित एलआईसी कार्यालय के सामने एक निजी कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

इसी दौरान मेहंदवास के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनू बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

अस्पताल ले जाने पर तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल सोनू को संभाला और एंबुलेंस की मदद से सआदत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन गंभीर सिर में चोट लगने के कारण सोनू ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर मेहंदवास थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फरवरी में होनी थी शादी

परिजनों ने बताया कि सोनू विजयवर्गीय की फरवरी महीने में शादी तय थी। इसे लेकर घर में तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। सोनू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का अकेला भाई था। कुछ साल पहले उसके पिता का निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की सारी जिम्मेदारी सोनू के कंधों पर आ गई थी।

परिवार का सहारा रहे सोनू की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। शादी की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं। गांव में भी इस हादसे से शोक का माहौल है।

Leave a comment