Shalini Pandey ने फिल्म ‘राहु केतु’ को लेकर किया बड़ा खुलासा, बोलीं- 'यह रोल करते हुए मुझे बहुत आज़ाद महसूस हुआ'

Shalini Pandey ने फिल्म ‘राहु केतु’ को लेकर किया बड़ा खुलासा, बोलीं- 'यह रोल करते हुए मुझे बहुत आज़ाद महसूस हुआ'

अभिनेत्री शालिनी पांडे इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘राहु केतु’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: अभिनेत्री शालिनी पांडे इन दिनों अपनी आगामी हिंदी फिल्म ‘राहु केतु’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह लोकप्रिय कलाकार वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट के साथ अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। हाल ही में शालिनी पांडे ने एक कार्यक्रम में फिल्म, अपने किरदार और निजी सोच को लेकर खुलकर बातचीत की।

यह संवाद कार्यक्रम हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित किया गया था, जिसमें शालिनी पांडे ने दर्शकों और मीडिया से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म ‘राहु केतु’ उनके करियर की उन फिल्मों में से एक है, जिसने उन्हें एक कलाकार के रूप में नया अनुभव दिया।

‘राहु केतु’ में शालिनी पांडे का किरदार

जब उनसे पूछा गया कि फिल्म में वह राहु (वरुण शर्मा) और केतु (पुलकित सम्राट) के बीच कहां फंसी हैं, तो शालिनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, मैं फंसी नहीं हूं। मेरा किरदार बहुत मजबूत और दिलचस्प है।”उन्होंने साफ किया कि यह किरदार किसी पारंपरिक महिला भूमिका से अलग है और इसमें कई परतें हैं, जो कहानी को आगे बढ़ाती हैं।

शालिनी पांडे ने बताया कि फिल्म के निर्देशक विपुल विग ने जब उन्हें कहानी सुनाई, तभी उन्हें यह प्रोजेक्ट पसंद आ गया। उन्होंने कहा, यह एक अलग तरह की इंटेलिजेंट कॉमेडी है। जब राइटर और डायरेक्टर एक ही व्यक्ति होते हैं, तो एक कलाकार के तौर पर भरोसा करना आसान हो जाता है।” उनके मुताबिक, यह फिल्म सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सोचने पर मजबूर करने वाले पल भी हैं।

यह रोल करते हुए मुझे बहुत आज़ादी महसूस हुई

अपने किरदार को लेकर शालिनी पांडे ने एक अहम बात कही। उन्होंने बताया, अक्सर फिल्मों में लड़कियों के किरदार ब्लैक एंड व्हाइट होते हैं। लेकिन ‘राहु केतु’ में मेरा रोल कई लेयर्स वाला है। इसे निभाते हुए मुझे बहुत आज़ाद महसूस हुआ। उन्होंने निर्देशक विपुल विग का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह का किरदार लिखना और उस पर भरोसा दिखाना किसी भी अभिनेत्री के लिए बड़ी बात होती है।

फिल्म का नाम ‘राहु केतु’ होने के कारण जब उनसे ज्योतिष (Astrology) को लेकर सवाल किया गया, तो शालिनी ने बेहद ईमानदारी से जवाब दिया।
उन्होंने कहा, जब अच्छी चीजें होती हैं, तो मैं मान लेती हूं। वरना मैं रोज राशिफल नहीं पढ़ती। उन्होंने हंसते हुए यह भी बताया कि उनकी मां ज्योतिष में विश्वास रखती हैं और मां की खुशी के लिए वह कई बार उनकी बातें मान लेती हैं। शालिनी पांडे, वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट स्टारर फिल्म ‘राहु केतु’ 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a comment