राजस्थान के दौसा जिले के छोटे से कस्बे मंडावर की बेटी शिवानी साहू आज अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
Shivani Sahu Hockey Journey: राजस्थान के दौसा जिले के छोटे से कस्बे मंडावर से निकलकर एक बेटी ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपनी पहचान बनाई है। कभी गांव में खेल सुविधाओं के अभाव से जूझने वाली शिवानी साहू आज जर्मनी की महिला रीजनल हॉकी लीग में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का नाम रोशन कर रही हैं।
23 वर्षीय शिवानी साहू की कहानी संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है। जिस जगह उनके शुरुआती दिनों में न हॉकी का मैदान था, न एस्ट्रोटर्फ और न ही आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधा, वहीं से उन्होंने अपने खेल करियर की नींव रखी। आज वही खिलाड़ी यूरोप के हॉकी मैदानों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है।
गांव की मिट्टी से शुरू हुआ हॉकी का सफर
शिवानी साहू ने अपनी शुरुआती शिक्षा मंडावर में ही पूरी की। छोटे शहर और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने हॉकी को अपना जुनून बनाया। उस समय उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी खेल की सुविधाओं और आर्थिक संसाधनों की कमी। साल 2013 में जर्मनी की हॉकी कोच एंड्रिया मंडावर क्षेत्र में युवा खिलाड़ियों की तलाश के लिए पहुंचीं। उन्होंने आसपास के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने का अभियान शुरू किया। इसी दौरान उनकी नजर शिवानी साहू पर पड़ी और उनके खेल को आगे बढ़ने का मौका मिला।
इसके बाद शिवानी ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। वह राजस्थान और महाराष्ट्र की जूनियर तथा सब-जूनियर टीमों का हिस्सा रहीं। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने राजस्थान की राष्ट्रीय टीम की कप्तानी भी की।
नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिली नई पहचान
शिवानी के करियर में बड़ा मोड़ साल 2019 में आया, जब उनका चयन मुंबई स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण के लिए हुआ। यहां उन्हें बेहतर कोचिंग और उच्च स्तर की सुविधाएं मिलीं, जिससे उनके खेल में काफी सुधार आया। महाराष्ट्र की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलते हुए उन्होंने दो कांस्य पदक और एक रजत पदक जीता। इसके अलावा पुणे विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए भी उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।
शिवानी साहू की मेहनत का परिणाम तब सामने आया जब साल 2023 में उन्हें भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने जर्मनी, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और भारत में कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा लिया। भारतीय टीम में शिवानी स्ट्राइकर की भूमिका निभाती हैं। उनकी तेज रफ्तार, आक्रामक खेल शैली और गोल करने की क्षमता उन्हें अलग पहचान दिलाती है। वर्तमान में वह जर्मनी की महिला रीजनल लीग चैंपियनशिप में खेल रही हैं और अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रही हैं।
![]()
पिता लगाते थे पकौड़े का ठेला
शिवानी की सफलता के पीछे उनके परिवार का संघर्ष भी जुड़ा हुआ है। उनके पिता सीताराम साहू मंडावर बस स्टैंड पर पकौड़े का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, लेकिन परिवार ने शिवानी के सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। हॉकी जैसे खेल में शुरुआती खर्च काफी ज्यादा होता है। एक अच्छी हॉकी स्टिक की कीमत लगभग 20 हजार रुपये तक और खेल के जूतों की कीमत करीब 10 हजार रुपये तक हो सकती है। शुरुआती दौर में कोच और सहयोगियों की मदद से शिवानी को जरूरी खेल उपकरण मिले।
आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली शिवानी अब अपनी मेहनत से आर्थिक रूप से भी मजबूत हुई हैं। उनकी सफलता का असर उनके परिवार पर भी पड़ा है और उनके पिता अब अपना ऑयल मिल व्यवसाय चला रहे हैं।
जर्मनी में बच्चों को दे रहीं हॉकी प्रशिक्षण
खेल के साथ-साथ शिवानी अब जर्मनी में युवा खिलाड़ियों को हॉकी की ट्रेनिंग भी दे रही हैं। वह सुबह और शाम खुद अभ्यास करती हैं, जबकि दोपहर के समय करीब 20 से 25 बच्चों को हॉकी का प्रशिक्षण देती हैं। उन्होंने बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई पूरी कर ली है। अब जर्मनी की एक यूनिवर्सिटी ने उन्हें मास्टर इन स्पोर्ट्स साइंस, एक्सरसाइज एंड साइकोलॉजी कोर्स के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति की पेशकश की है। इस कोर्स की अनुमानित लागत करीब 16 से 17 लाख रुपये बताई जा रही है। विश्वविद्यालय उनकी पढ़ाई के साथ अन्य खर्चों को भी वहन करेगा।
शिवानी साहू की कहानी केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं है, बल्कि यह संदेश है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर सीमित संसाधनों से भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। दौसा के मंडावर की गलियों से शुरू हुआ उनका सफर आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक पहुंच चुका है। शिवानी ने साबित किया है कि सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहर या महंगी सुविधाएं ही जरूरी नहीं होतीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत सबसे बड़ी ताकत होती है।










