शिवपुरी के गांधी पेट्रोल पंप पर लाइन को लेकर विवाद में तीन अज्ञात युवकों ने हारिश मिर्जा से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Madhya Pradesh: जवाहर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय हारिश मिर्जा अपनी बाइक (MP 33 MM 1563) से गांधी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में खड़ा था। उसी दौरान पीछे से तीन अज्ञात युवक आए और जबरन अपनी बाइक हारिश की बाइक के आगे लगा दी।
इस दौरान हारिश के दाहिने हाथ में चोट लग गई। हारिश ने विरोध जताया, लेकिन तीनों युवक गुस्से में आ गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और हारिश को डराने की कोशिश की।
जमीन पर गिराकर की गई बेरहमी से मारपीट
आरोप है कि विरोध करने पर तीनों युवकों ने हारिश को जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसे से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उनका सिर दीवार से टकराया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और हारिश को आरोपियों के चंगुल से बाहर निकाला। घायल होने के बावजूद हारिश ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी मौके से फरार
मारपीट के बाद तीनों आरोपियों ने अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। अफरा-तफरी के कारण हारिश उनके वाहन का नंबर नोट नहीं कर पाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस गांधी पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि अगर किसी ने घटना के समय कुछ संदिग्ध देखा हो, तो तुरंत इसकी जानकारी दें। घायल हारिश का इलाज जारी है और पुलिस इस घटना की गहन जांच कर रही है।











