स्मॉलकैप फंड्स 2026 में निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर बन सकते हैं। हाल के कमजोर प्रदर्शन के बावजूद लॉन्ग टर्म ग्रोथ, वैल्यूएशन सुधार और एसआईपी निवेश से जोखिम कम करने की संभावना है, जबकि एक्टिव मैनेजमेंट बेहतर रिटर्न दे सकता है।
Small Cap Funds: स्मॉलकैप इक्विटी फंड्स एक बार फिर निवेशकों के ध्यान में आ गए हैं। कई फंड हाउस इस कैटेगरी में नए फंड लॉन्च कर रहे हैं। हाल ही में डीएसपी निफ्टी स्मॉल कैप 250 इंडेक्स फंड और उसका ETF सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हैं। इसके अलावा हेलिओस और सैमको के दो एक्टिवली मैनेज्ड स्मॉलकैप न्यू फंड ऑफर (NFO) भी सब्सक्रिप्शन के लिए बंद हो चुके हैं।
ग्रो एएमसी और मिरे एएमसी के दो ETF की ट्रेडिंग भी शुरू हो चुकी है। इन नई पेशकशों के साथ स्मॉलकैप फंड्स की दुनिया और भी बड़ी होती जा रही है। इस कैटेगरी में अब लगभग 58 फंड्स हैं, जिनका कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट लगभग 3.86 लाख करोड़ रुपये है।
हाल के प्रदर्शन
स्मॉलकैप फंड्स ने पिछले कुछ समय में लार्ज कैप फंड्स की तुलना में कमजोर प्रदर्शन किया है। औसतन स्मॉलकैप फंड्स में 5.4 फीसदी की गिरावट आई, जबकि लार्ज कैप फंड्स ने 5.4 फीसदी का लाभ दर्ज किया। इसके बावजूद एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा वैल्यूएशन लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए बेहतर अवसर पेश कर रही है।
सैमको म्युचुअल फंड के सीईओ विराज गांधी कहते हैं कि पिछले साल की गिरावट के बाद वैल्यूएशन सामान्य स्तर पर आ गई है, जिससे यह सेगमेंट अब अधिक मजबूत दिखता है। शॉर्ट टर्म में बाजार अस्थिर रह सकता है, लेकिन लॉन्ग टर्म में कमाई की संभावना बेहतर है।
स्मॉलकैप फंड्स में लॉन्ग टर्म ग्रोथ
मोतीलाल ओसवाल एएमसी के फंड मैनेजर अजय खंडेलवाल कहते हैं कि स्मॉलकैप फंड्स लॉन्ग टर्म में मजबूत ग्रोथ प्रदान करते हैं। ये उभरते इंडस्ट्री सेगमेंट में लीडिंग कंपनियों तक निवेशकों को एक्सेस देते हैं। इस कैटेगरी के फंड्स कम से कम 65 फीसदी हिस्सेदारी स्मॉलकैप शेयरों में रखते हैं। स्मॉलकैप कंपनियों की मार्केट कैप रैंकिंग 251 या उससे नीचे होती है।
डायवर्सिफिकेशन और जोखिम
स्मॉलकैप इक्विटीज लार्ज कैप की तुलना में ज्यादा डावयर्स होती हैं और कई सेक्टर्स में फैली होती हैं। इनमें से कुछ कंपनियां अपने-अपने सेगमेंट में लीडर बनकर उभरती हैं। हालांकि, स्मॉलकैप फंड्स में उतार-चढ़ाव अधिक होते हैं। एडलवाइस म्युचुअल फंड के प्रेसिडेंट त्रिदीप भट्टाचार्य कहते हैं कि शॉर्ट टर्म में गिरावट अधिक हो सकती है और बाजार तनाव के समय लिक्विडिटी चुनौतियां आ सकती हैं। उदाहरण के लिए, 2018 में इन फंड्स में औसतन 19 फीसदी की गिरावट आई थी।
एक्टिव या पैसिव फंड: कौन बेहतर?
निवेशक इस कैटेगरी में एक्टिव या पैसिव फंड में से किसी एक का चयन कर सकते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्मॉलकैप स्पेस एक्टिव मैनेजमेंट के लिए बेहतर है। त्रिदीप भट्टाचार्य के अनुसार, मार्केट इनइफिशिएंसी अधिक होने के कारण एक्टिव फंड मैनेजर रिसर्च-आधारित सेलेक्शन के जरिए अल्फा दे सकते हैं और लिक्विडिटी, कंसंट्रेशन और वैल्यूएशन रिस्क को बेहतर मैनेज कर सकते हैं। जो निवेशक कम लागत और स्थिरता चाहते हैं, वे पैसिव फंड्स चुन सकते हैं।
एसआईपी से करें निवेश सुरक्षित
चाहे एक्टिव हो या पैसिव, स्मॉलकैप की अस्थिरता को संभालने के लिए एसआईपी (SIP) का उपयोग करना फायदेमंद है। लॉन्ग टर्म में यह निवेशकों को उतार-चढ़ाव से बचाता है और रिटर्न को बेहतर बनाता है।
कौन निवेश करे और कौन न करे
जो निवेशक ज्यादा जोखिम लेकर उच्च रिटर्न चाहते हैं, उन्हें स्मॉलकैप फंड्स में निवेश करना चाहिए। भट्टाचार्य कहते हैं कि निवेशक का निवेश समय कम से कम 5–10 साल का होना चाहिए। उन्हें गिरावट के दौरान भी भावनात्मक रूप से टिके रहना चाहिए और फंड मैनेजर की क्षमता को आंकना चाहिए। रिटायर्ड निवेशक या शुरुआती निवेशक, जो नियमित आय चाहते हैं या गिरावट के दौरान बेच सकते हैं, उन्हें इन फंड्स से दूर रहना चाहिए। ऐसे निवेशक पहले फ्लेक्सीकैप या मल्टीकैप फंड्स में आधार बना सकते हैं।













